🔳हाइवे पर लगी छोटे बड़े वाहनों की लंबी कतार
🔳ढाई घंटे तक थमी रही लाइफ लाइन पर रफ्तार
🔳लोडर मशीन से ट्रक हटवाए जाने के बाद वह बामुश्किल सुचारु हुआ यातायात
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))

अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर रामगाढ़ क्षेत्र में गैस सिलेंडरो से लदा ट्रक पुल के एक हिस्से से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। ट्रक के बीच हाईवे पर खड़े हो जाने से यातायात ठप हो गया। दोनों ओर छोटे बड़े वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोडर मशीन की मदद से बामुश्किल ट्रक को हटवाया तब जाकर करीब ढाई घंटे बाद यातायात सुचारु हो सका।
ज्योलिकोट निवासी चालक नंदन सिंह रसोई गैस से लदे ट्रक यूके 04 सीबी 3102 को लेकर शनिवार देर शाम अल्मोड़ा से हल्द्वानी की ओर रवाना हुआ। नंदन सिंह हाईवे पर अतिसंवेदनशील रामगढ़ क्षेत्र के समीप पहुंचा ही था कि विपरीत दिशा से आ रहे बाइक सवार को बचाने के प्रयास में ट्रक हाईवे पर स्थित रामगाढ़ पुल पर लगी रेलिंग के एक हिस्से से टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन असंतुलित हो गया साथ ही ट्रक के एक्सल भी टूट गए। जिस कारण ट्रक पुल के बीचों-बीच खड़ा हो गया। ट्रक के पुल के बीच फंस जाने से दोनों ओर छोटे-बड़े वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना पर चौकी प्रभारी दिलीप कुमार मय टीम मौके पर पहुंचे। इस बीच कुछ वाहनों को वाया रामगढ़ होते हुए हल्द्वानी भेजा गया जबकि कुछ छोटे वाहन वाया सिल्टोना गरजोली होते हुए हल्द्वानी रवाना हो गए। पुलिस टीम ने मौके पर लोडर मशीन बुलवाकर बामुश्किल हाईवे से ट्रक को हटवाया तब जाकर करीब ढाई घंटे बाद यातायात सुचारु हो सका।यातायात सुचारु होने से यात्रियों ने राहत की सांस ली। इस दौरान राजेंद्र सती, प्रयाग जोशी आदि पुलिसकर्मी यातायात सुचारु करने में जुटे रहे।

error: Content is protected !!