◾दो घायल प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर
◾ छिमी गांव के समीप ढाई सौ मीटर नीचे खाई की ओर पलटा ट्रक
◾क्वारब पुलिस व स्थानीय लोगों ने चलाया रेस्क्यू अभियान
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे से सटे तमाम गांवों को जोड़ने वाले सुयालबाडी़ – ढोकाने – बिचखाली मोटर मार्ग पर निर्माण सामग्री से लदा ट्रक असंतुलित होकर खाई की ओर पलट गया। हादसे में तीन लोग घायल हो गए। प्राथमिक उपचार के बाद घायलों को हायर सेंटर हल्द्वानी रेफर कर दिया गया।
घटना शनिवार मध्य रात्रि की है। सुयालबाडी़ – ढोकाने – बिचखाली मोटर मार्ग पर हल्द्वानी से बसगांव की ओर जा रहा ट्रक यूके 04 सीबी 4995 रामगढ़ ब्लॉक के छीमी गांव के समीप असंतुलित होकर मोटर मार्ग से करीब ढाई सौ मीटर नीचे खाई की ओर पलटता चला गया। दुर्घटना की आवाज सुन आसपास के लोग घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। क्वारब चौकी पुलिस को भी सूचना भेजी गई। चौकी प्रभारी बालकृष्ण आर्या व आंनद राणा मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों की मदद से रेस्क्यू अभियान शुरु किया गया। वाहन के अंदर फंसे सुयालगाड़ निवासी दीपक सुयाल, बरेली निवासी शहजान व मस्तजीब को बामुश्किल बाहर निकाल निजी वाहन से सीएचसी सुयालबाडी़ पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद शहजान व मस्तजीब को हायर सेंटर हल्द्वानी रेफर कर दिया गया जबकि दीपक को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। पुलिस दुर्घटना के कारणो का पता लगाने में जुट गई है।
