🔳सप्ताह भर से बारगल- कफूल्टा पंपिग पेयजल योजना से आपूर्ति ठप
🔳व्यवस्था दुरुस्त न किए जाने से गांवों के बाशिंदों में रोष
🔳जल्द आपूर्ति सुचारु न किए जाने पर आंदोलन की चेतावनी
🔳विभागीय अधिकारियों पर लगाया लापरवाही का आरोप
🔳अवर अभियंता बोले – पेड़ की चपेट में आकर तार क्षतिग्रस्त होने से खड़ी हुई समस्या

((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))

अल्मोड़ा हल्द्वानी हाइवे के समीप बहने वाली शिप्रा नदी क्षेत्र में बनी बारगल – कफूल्टा पंपिग पेयजल योजना से पेयजल आपूर्ति ठप होने से साढ़े तीन सौ से भी अधिक परिवार बूंद बूंद पानी को तरस गए हैं। सप्ताहभर से योजना से पानी उपलब्ध न होने से ग्रामीणों में गहरा रोष व्याप्त है। अधिवक्ता नरेश सिंह बिष्ट ने विभागीय अधिकारियों पर उपेक्षा का आरोप लगाया है। जल निगम रामनगर के अवर अभियंता नरेंद्र भारती के अनुसार पेड़ गिरने से विद्युत तार क्षतिग्रस्त हुआ है। विद्युत विभाग को आपूर्ति सुचारु करने को पत्राचार किया जा चुका है।

रामगाढ़ क्षेत्र में शिप्रा नदी पर करोड़ों रुपयों की लागत से बनी बारगल – कफूल्टा पंपिग पेयजल योजना से समीपवर्ती बारगल, कफूल्टा, गरजोली समेत आसपास के तमाम गांवों को पेयजल आपूर्ति की जाती है पर पिछले सप्ताह भर से गांवों के बाशिंदों को पानी की बूंद तक नसीब नहीं हो रही। पेयजल संकट गहराने से गांवों में हाहाकार मच गया है करीब साढ़े तीन सौ से भी ज्यादा परिवारों को बूंद बूंद पानी के लिए भी दूरदराज रुख करना मजबूरी बन चुका है। कफूल्टा गांव निवासी अधिवक्ता नरेश सिंह बिष्ट के अनुसार कई बार कहे जाने के बावजूद कोई सुनवाई नहीं हो रही। तार टूटने से पंप हाउस की विद्युत आपूर्ति बाधित होने का हवाला दिया जा रहा है पर व्यवस्था दुरुस्त नहीं की जा रही। लगातार गांवों की उपेक्षा की जा रही है। कांग्रेसी नेता कृपाल सिंह मेहरा ने भी आपूर्ति ठप होने पर नाराजगी जता मामले को मुख्यमंत्री समाधान पोर्टल में दर्ज करा दिया है। गांवों के बाशिंदों जल्द पेयजल आपूर्ति सुचारु न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। इधर जल संस्थान के सहायक अभियंता नरेंद्र भारती के अनुसार कुछ दिन पहले पेड़ की चपेट में आकर विद्युत तार क्षतिग्रस्त हुआ है। विद्युत विभाग को व्यवस्था दुरुस्त कर विद्युत आपूर्ति सुचारु करने को पत्राचार कर दिया गया है। जल्द पेयजल आपूर्ति सुचारु करने के भी प्रयास किए जा रहे हैं।

error: Content is protected !!