◾ बेतालघाट के घोड़ियां हल्सों मोटर मार्ग की घटना
◾ रोपा क्षेत्र से लौटते वक्त मय पोकलैंड समेत जा गिरा ट्राला
◾सीएचसी बेतालघाट में प्राथमिक उपचार के बाद चालक हायर सेंटर रेफर
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
बेतालघाट ब्लॉक मुख्यालय से तमाम गांवों को जोड़ने वाले घोड़ियां हल्सों मोटर मार्ग पर पोकलैंड मशीन ले जा रहा ट्राला खाई की ओर जा पल्टा। हादसे में ट्राले के हेल्पर की मौत हो गई जबकि चालक गंभीर रुप से घायल हो गया। सीएचसी बेतालघाट में प्राथमिक उपचार के बाद चालक को नाजुक हालत में हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है।
रोपा क्षेत्र से हल्दुचौड़ (लालकुआं) निवासी सूरज सिंह ट्राला यूके 04 सीए 5679 में पोकलैंड मशीन को लेकर शनिवार देर शाम हल्द्वानी की ओर रवाना हुआ। हेल्पर ग्राम मुडिया हाफिन, पो – धौरा,जिला -बरेली निवासी विक्की (22) पुत्र चूरामन भी साथ था। घिरौली पुल के समीप चालक सूरज को मार्ग का सही अंदाजा नहीं आया और वह घोड़ियां हल्सों मोटर मार्ग पर जाने लगा। कुछ आगे बडा़ ही था की पहले से ही खस्ताहाल मार्ग पर वाहन असंतुलित होकर खाई की ओर पलटता चला गया। एकांत क्षेत्र में वाहन के गिरने की सूचना किसी को भी नहीं लग सकी। रविवार सुबह आवाजाही करने वाले लोगों ने ट्रक खाई में पलटे होने की सूचना थाना पुलिस बेतालघाट को दी गई। थानाध्यक्ष मनोज नयाल मय टीम मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों की मदद से रेस्क्यू चला वाहन के अंदर फंसे चालक व हेल्पर को बामुश्किल बाहर निकाला। हेल्पर विक्की की मौत हो चुकी थी जबकि गंभीर रुप से घायल चालक को उपचार के लिए सीएचसी बेतालघाट ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने चालक का प्राथमिक उपचार कर उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। थानाध्यक्ष बेतालघाट मनोज नयाल के अनुसार मृतक के स्वजनों को सूचना भेज दी गई है।
