🔳 अल्मोड़ा से बारात में शामिल होने हल्द्वानी को हुए थे रवाना
🔳 रातीघाट क्षेत्र में असंतुलित होकर नदी क्षेत्र में गिर गया वाहन
🔳 दो की वाहन के अंदर दबकर हुई दर्दनाक मौत
🔳 एक ने सीएचसी गरमपानी में तोड़ा दम
🔳 एक घायल को प्राथमिक उपचार के बाद किया गया हायर सेंटर रेफर
[[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]
अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर रातीघाट क्षेत्र में वाहन असंतुलित होकर करीब डेढ़ सौ मीटर नीचे शिप्रा नदी की ओर जा गिरा। हादसे में दो लोगों को मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। दुर्घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। पुलिस, एसडीआरएफ व आसपास के लोगों ने घटनास्थल पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान शुरु किया। वाहन के अंदर फंसे चार लोगों में से दो को बामुश्किल बाहर निकाल सीएचसी गरमपानी पहुंचाया गया। जहां एक घायल ने अस्पताल में दम तोड़ दिया जबकि दूसरे को प्राथमिक उपचार के बाद नाजुक हालत में हायर सेंटर हल्द्वानी रेफर कर दिया गया।
शनिवार को हवालबाग शिक्षक संघ के ब्लॉक अध्यक्ष पांडेखोला, अल्मोड़ा निवासी संजय सिंह बिष्ट(50) पुत्र पदम सिंह व शिक्षक मनोज कुमार समेत चार लोग कार यूके 01 बी 5251 से विवाह समारोह में शामिल होने हल्द्वानी को रवाना हुए। सभी हाइवे पर रातीघाट क्षेत्र में पहुंचे ही थे की चालक वाहन पर संतुलन खो बैठा नतीजतन वाहन असंतुलित होकर हाईवे से करीब डेढ़ सौ मीटर नीचे शिप्रा नदी की ओर जा गिरा। वाहन के गिरने की आवाज सुन समीप रहने वाले एक बालक ने दुर्घटना की सूचना रातीघाट निवासी तारा सिंह बिष्ट को दी। तारा सिंह व भाजपा मंडल अध्यक्ष नीरज बिष्ट घटनास्थल की ओर रवाना हुए। पुलिस व एसडीआरएफ से भी संपर्क साधा गया। खड़ी चट्टान होने व अंधेरा होने से बामुश्किल मौके पर पहुंची पुलिस, एसडीआरएफ व स्थानीय लोगो ने बगैर समय गंवाए राहत व बचाव अभियान शुरु किया। वाहन के अंदर फंसे संजय व मनोज को बामुश्किल बाहर निकाल नदी के रास्ते रातीघाट होते हुए मुख्य सड़क तक पहुंचाया जहां से दोनों को सीएचसी गरमपानी ले जाया गया। अस्पताल में उपचार के दौरान शिक्षक नेता संजय सिंह की मौत हो गई जबकि मनोज कुमार को प्राथमिक उपचार के बाद नाजुक हालत में हायर सेंटर हल्द्वानी रेफर कर दिया गया। वाहन के अंदर फंसे शिक्षक सुरेन्द्र भंडारी व सीईओ कार्यालय अल्मोड़ा में तैनात पुष्कर भैसोड़ा की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो चुकी थी। पुलिस व एसडीआरएफ ने दोनों शवों को बाहर निकाला। काफि ऊंचाई से गिरने से वाहन के भी परखच्चे उड़ गए। रेस्क्यू अभियान में कोतवाल भवाली प्रकाश सिंह मेहरा, चौकी प्रभारी खैरना हर्ष बहादुर पाल, राजेंद्र सती, जगदीश धामी, दर्शन चौधरी, तारा सिंह बिष्ट, नीरज बिष्ट, रवि बिष्ट, दिलिप जोशी, मन्नू समेत कई ग्रामीण मौजूद रहे।
घटनास्थल व अस्पताल में लगा परिचितों का जमावड़ा
दुर्घटना की सूचना पर अल्मोड़ा से तमाम लोग घटनास्थल पर पहुंचे। हादसे में तीन लोगों की मौत से हर कोई स्तब्ध है। अल्मोड़ा से पहुंचे लोगों ने बताया की बेहद मिलनसार स्वभाव के शिक्षक संजय सिंह बिष्ट विभाग में सबके प्रिय थे साथ ही क्षेत्र में भी लोगों के चहेते थे। घटना को लेकर भी संशय बना हुआ है। अल्मोड़ा से हल्द्वानी को जा रहा वाहन शिप्रा नदी की ओर कैसे जा गिरा यह भी समझ से परे है। खैरना पुलिस की टीम ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी शुरु कर दी है। घटना से रातीघाट क्षेत्र में भी शोक की लहर दौड़ गई।




