◾एसडीआरएफ व पुलिस ने रेस्क्यू कर पहुंचाया अस्पताल
◾प्राथमिक उपचार के बाद किया गया हायर सेंटर रेफर
◾हाइवे पर लोहाली क्षेत्र में मध्य रात्रि हुई घटना से हड़कंप
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर लोहाली क्षेत्र में पर्यटक के कोसी नदी क्षेत्र की ओर गिरने से हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस व एसडीआरएफ की टीम ने रेस्क्यू अभियान चलाकर पर्यटक को सीएचसी गरमपानी पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद घायल को बेहतर उपचार के लिए हायर सेंटर हल्द्वानी रेफर कर दिया गया।
करोलबाग, दिल्ली निवासी नितिन मार्टिन अपने तीन अन्य साथी प्रदीप, इंद्रस्वरुप व लोकेश कार डीएल 3 सीसी – एक्स 8500 से पहाड़ घुमकर वापस लौट रहे थे। सभी सोमवार मध्यरात्रि लगभग दो बजे के आसपास अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर लोहाली क्षेत्र में पहुंचे। नितिन लघुशंका को वाहन से उतर हाइवे किनारे पहुंचा ही था की एकाएक पैर फिसलने से वह संतुलन खो बैठा तथा कोसी नदी क्षेत्र की ओर पलटता चला गया। चीख पुकार सुन अन्य साथी मदद को दौड़े। सूचना पर खैरना पुलिस व एसडीआरएफ छडा़ ईकाई के जवान भी मौके पर पहुंच गए। बगैर समय गवांए रेस्क्यू अभियान शुरु किया गया। करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद बामुश्किल नितिन को खाई से बाहर निकाल अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद घायल को हायर सेंटर हल्द्वानी रेफर कर दिया गया। इस दौरान एसडीआरएफ एसआई राजेश जोशी, जगदीश धामी, प्रयाग जोशी, पंकज नेगी, गणेश मेहरा, रोहित कांडपाल आदि मौजूद रहे।
