◾एनएच प्रशासन ने अपनाया सख्त रुख, छापेमारी अभियान भी चलेगा
◾कमजोर हो चुकी पहाड़ियां खोद निकाले जा रहे पत्थर
◾मुनाफे के फेर में यात्रियों की जिंदगी से भी किया जा रहा खिलवाड़
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
हाइवे पर लगातार दरक रही पहाड़ियों का अस्तित्व बचाने को एनएच प्रशासन हरकत में आ गया है। हाइवे से सटी पहाड़ियों पर बेतरतीब खदान कर पत्थर निकालने वालों के खिलाफ एनएच ने सख्त रुख अपना लिया है। सहायक अभियंता जीके पांडे के अनुसार पहाड़ियों को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाया जाएगा।
कुमाऊं के महत्वपूर्ण अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर जगह जगह पहाड़ियां दरक रही है। लोहाली, जौरासी, नावली, काकड़ीघाट समेत कई जगह दिन ढलने के साथ ही जर्जर हो चुकी पहाड़ीयों पर बेतरतीब खदान शुरु हो जा रहा है। मजदूरों व लोडर मशीन की मदद से पहाड़ियों में प्रहार कर पत्थर निकाल डंपरों के जरिए ठिकाने लगाए जा रहे हैं। अतिसंवेदनशील लोहाली की पहाड़ी से लगातार खतरा मंडराने के बावजूद बेतरतीब खदान किया जा रहा है। खदान से यात्रियों की जिंदगी पर भी जोखिम बढ़ता ही जा रहा है। लोहाली क्षेत्र में पूर्व में पहाड़ी से गिरे पत्थरों से कई लोग जान भी गंवा चुके हैं। मामला उठने के बाद अब एनएच प्रशासन ने पहाड़ी बचाने को पहाड़ी खोदने वाले के खिलाफ सख्त रुख अपनाने का मन बना लिया है। सहायक अध्यापक जीके पांडे ने मामले को गंभीर श्रेणी का करार दिया है। दावा किया की पुलिस प्रशासन को पत्राचार कर छापेमारी अभियान चलाया जाएगा। पहाड़ी पर खदान करने वालों को चिह्नित कर मुकदमा भी दर्ज कराया जाएगा। साफ कहा की हाइवे से सटी पहाड़ियों पर खदान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
