🔳पंचायत प्रतिनिधियों व व्यापारियों ने उठाई पुरजोर मांग
🔳हाइवे पर स्थित बाजार क्षेत्रों में बिगड़ती व्यवस्था पर जताई नाराजगी
🔳बजबजा रही गंदगी से पर्यटन व्यवसाय भी होता जा रहा प्रभावित
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
अल्मोड़ा हल्द्वानी हाइवे पर टंचिग ग्रांउड निर्माण की मांग जोर पकड़ने लगी है। गंदगी निस्तारण न होने से बाजार क्षेत्रों में व्यवस्था बिगड़ने लगी है। पर्यटकों व यात्रियों के न रुकने से पर्यटन व्यवसाय भी प्रभावित होता जा रहा है। पंचायत प्रतिनिधियों व व्यापारियों ने टंचिग ग्रांउड निर्माण की पुरजोर मांग उठाई है ताकी समस्या का स्थाई समाधान हो सके।
हाइवे पर स्थित गरमपानी, खैरना, छड़ा, जौरासी, नावली, काकड़ीघाट, सुयालखेत, सुयालबाड़ी आदि बाजार क्षेत्रों में कूड़ा निस्तारण एक बड़ी समस्या बन चुका है। समय पर कूड़ा निस्तारण न होने से बाजार क्षेत्रों में गंदगी का अंबार लग जा रहा है। गंदगी होने से हाइवे पर आवाजाही करने वाले यात्री व पर्यटकों ने भी बाजार क्षेत्रों में रुकना छोड़ दिया है। पर्यटकों व यात्रियों के मुंह मोड़ लेने से स्थानीय व्यापारियों का व्यवसाय भी चौपट हो चुका है। वहीं संक्रामक बिमारियों के फैलने का खतरा भी बना रहता है। हालांकि बाजार क्षेत्रों से जिला पंचायत के वाहन से कूड़ा निस्तारण की व्यवस्था है पर दिनों दिनों तक वाहन के न आने से व्यवस्था बिगड़ जा रही है। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि कुबेर सिंह जीना, विरेन्द्र सिंह बिष्ट, मनीष तिवारी, गजेन्द्र सिंह नेगी, गोविन्द सिंह, विरेन्द्र मेहरा, महेंद्र सिंह बिष्ट, विक्रम सिंह बिष्ट आदि ने बाजार क्षेत्रों के कूड़ा निस्तारण को उचित स्थान चिन्हित कर टचिंग ग्राउंड निर्माण की मांग उठाई है ताकि बाजार क्षेत्रों का कूड़ा आसानी से निस्तारण किया जा सके। व्यापारियों ने समस्या का जल्द समाधान किए जाने पर जोर दिया है।




