🔳 बाबा नींब करौरी के जयकारों से गुंजायमान हुआ समूचा क्षेत्र
🔳 श्रद्धालुओं ने कतारबद्ध होकर किया आश्रम में प्रवेश
🔳 हनुमान चालीसा का पाठ कर की सुख, शांति व समृद्धि को प्रार्थना
🔳 श्रद्धालुओं की सुविधा को मंदिर प्रबंधन ने बनाई विशेष व्यवस्था
[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]

अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर सुप्रसिद्ध कैंची में आस्था का सैलाब उमड़ा। देश के अलग अलग राज्यों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने बाबा के दर पर शीश झुकाए। हनुमान चालीसा का पाठ कर सुख, शांति व समृद्धि को प्रार्थना की। बाबा नींब करौरी के जयकारों से समूचा कैंची धाम गुंजायमान हो उठा। श्रद्धालुओं की सुविधा के मद्देनजर मंदिर प्रबंधन ने आश्रम में विशेष व्यवस्था बनाई।
शनिवार को सुबह से ही कैंची धाम में श्रद्धालुओं की कतार लगी रही। मंदिर के कपाट खुलने व विधी विधान से आरती के बाद श्रद्धालुओं ने मंदिर में प्रवेश किया। दिन चढ़ने के साथ ही बाबा भक्तों की संख्या हजारों में पहुंच गई। भक्तों ने कतारबद्ध होकर बाबा नींब करौरी के जयकारों के साथ बाबा के दर पर मत्था टेका। आश्रम परिसर के आसपास बैठकर श्रद्धालुओं ने हनुमान चालीसा का पाठ किया। कई बार आश्रम से हाईवे तक भक्तों की कतार लगी रही। कड़ी धूप में भी बाबा भक्त कतारबद्ध होकर खड़े रहे। श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े इसके लिए मंदिर प्रबंधन ने आश्रम परिसर में विशेष व्यवस्थाएं बनाई। कैंची व भवाली पुलिस की टीम भी चप्पे-चप्पे पर मुस्तैद रहे।