🔳108 प्रबंधन ने दिया दो घंटे बाद वाहन के पहुंचने का हवाला
🔳गरमपानी में प्राथमिक उपचार के बाद कर दिया गया रेफर
🔳स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली गर्भवती महिलाओं पर पड़ रही भारी
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
चार विकासखंडों के मध्य में स्थित सीएसची गरमपानी में स्त्री रोग विशेषज्ञ की तैनाती न होने व आपातकालीन 108 सेवा प्रबंधन की लापरवाही गर्भवती महिलाओं की जिंदगी पर भारी पड़ती जा रही है। समीपवर्ती धारी गांव से उपचार को पहुंची गर्भवती महिला को भी रैफर कर दिया गया। 108 प्रबंधन ने एक बार फिर डेढ़ से दो घंटे बाद वाहन के पहुंचने का हवाला दिया। हालात बिगड़ते देख स्वजन प्रसूता को निजी वाहन से लेकर हल्द्वानी रवाना हो गए जहां निजी अस्पताल में सुरक्षित प्रसव हुआ।
बीते सोमवार को समीपवर्ती घूना गांव की ग्राम प्रधान जया किशोरी के साथ हुई लापरवाही के बाद एक बार फिर स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली सामने आ गई। हायर सेंटर में तब्दील हो चुके सीएचसी गरमपानी में स्त्री रोग विशेषज्ञ की तैनाती न होने से गर्भवती महिलाओं को तमाम कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। प्रसव पीड़ा में गांवों से सीएचसी गरमपानी पहुंचने वाली गर्भवती महिलाओं को स्त्री रोग विशेषज्ञ के अभाव में रेफर कर दिया जा रहा है। लगभग 60 किमी दूर जाने के लिए आपातकालीन 108 भी गर्भवती महिलाओं की अग्निपरीक्षा ले रही है। समीपवर्ती धारी गांव से ज्योति जंतवाल को स्वजन सीएचसी गरमपानी लेकर पहुंचे। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद ज्योति को हायर सेंटर हल्द्वानी रेफर कर दिया ज्योति के ससुर नंदन सिंह जंतवाल ने 108 सेवा प्रबंधन से संपर्क साधा पर प्रबंधन से करीब दो घंटे बाद सेवा उपलब्ध कराने का हवाला दिया गया। नंदन सिंह ने बगैर समय गवांए निजी वाहन से ज्योति को हायर सेंटर हल्द्वानी ले जाने का निर्णय लिया। नंदन सिंह के अनुसार हालांकि एंबुलेंस में जीवन रक्षक उपकरण के साथ ही तमाम सुविधाएं होती हैं पर दो घंटे का इंतजार भारी न पड़े इसके लिए खतरा उठाकर बहू को हायर सेंटर हल्द्वानी पहुंचाया गया। महिला अस्पताल में उपचार देने में हिलाहवाली पर निजी अस्पताल में सुरक्षित प्रसव करवाया गया। नंदन सिंह ने स्त्री रोग विशेषज्ञ ना होने तथा 108 सेवा प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर गहरी नाराजगी जताई आरोप लगाया कि सैकड़ों गांवों के मध्य में स्थित अस्पताल में स्त्री रोग विशेषज्ञ ना होना अधिकारियों के कार्य प्रणाली पर सवाल खड़े करता है। ग्राम प्रधान संगठन के प्रदेश सचिव शेखर दानी ने भी स्वास्थ्य विभाग के रवैए पर गहरा रोष व्यस्त किया। 108 प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई।




