◾कमरे में मौजूद गृहस्वामी के बेटे ने कूद कर बचाई बामुश्किल जान
◾ दिन दोपहर पहाड़ी से पत्थर गिरने से बाजार क्षेत्र में मचा हड़कंप
◾वर्ष 2014 में भी विशालकाय बोल्डर ने किया था घर को क्षतिग्रस्त
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
अल्मोड़ा हल्द्वानी हाइवे पर गरमपानी मुख्य बाजार क्षेत्र में थुआ की पहाड़ी से गिरे पत्थरो ने स्थानीय व्यक्ति के आवासीय मकान की छत क्षतिग्रस्त कर डाली। घर के अंदर मौजूद गृहस्वामी के बेटे ने कमरे से भागकर जान बचाई। नौ वर्ष पूर्व भी इसी आवासीय मकान में गिरे बोल्डरो ने भवन को क्षतिग्रस्त कर दिया था।
बारिश थमने के बाद निकली चटक धूप से भी अब थुआ की पहाड़ी दरकने लगी है। शनिवार को हाइवे पर स्थित गरमपानी मुख्य बाजार क्षेत्र में स्थानीय हरीश चंद्र तिवारी के आवासीय भवन के ठिक उपर थुआ की पहाड़ी से पत्थरों की बरसात हो गई। एकाएक गिरे पत्थरों से बाजार क्षेत्र में हड़कंप मच गया। भारी-भरकम पत्थरो ने हरीश के आवासीय मकान की छत क्षतिग्रस्त कर डाली। घर के अंदर मौजूद हरीश के पुत्र ललित ने बाहर कूदकर बामुश्किल जान बचाई। ललित के अनुसार पत्थरों के गिरने से पूरा घर हिल गया था। आसपास के लोग भी मौके पर पहुंचे। प्रशासन को भी सूचना भेजी गई है। वर्ष 2014 में भी हरीश के घर पर पहाड़ी से गिरे विशालकाय बोल्डर से मकान क्षतिग्रस्त हुआ था। स्थानीय व्यापारियों ने प्रभावित को नुकसान का उचित मुआवजा दिए जाने की मांग उठाई है।
