◾अनियमितता का लगाया आरोप, जांच की उठाई मांग
◾ लाखों रुपये खर्च होने के बावजूद ग्रामीण पानी को वंचित
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
बेतालघाट ब्लॉक के गांवो में सफेद हाथी बन चुकी जल जीवन मिशन योजना पर ग्राम प्रधान संगठन के प्रदेश सचिव ने गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आरोप लगाया है कि महज बजट ठिकाने लगाने का कार्य किया जा रहा है ग्रामीण बूंद-बूंद पानी को तरस रहे हैं। प्रदेश सचिव ने मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग उठाई है।
बेतालघाट ब्लॉक में लाखों करोड़ों रुपये की लागत से गांव-गांव में जल जीवन मिशन योजना के तहत कराए जा रहे कार्यों पर सवाल उठने शुरू हो गए हैं। पानी ना मिलने से ग्रामीण परेशान हैं वहीं महज पाइपलाइन बिछा नल खड़े कर दिए गए हैं पर नलों से पानी की बूंद तक नहीं टपक रही। ग्राम प्रधान संगठन के प्रदेश सचिव व ग्राम प्रधान शेखर दानी ने मामले में गहरी नाराजगी जताई है। आरोप लगाया कि जल जीवन मिशन योजना के तहत ग्रामीणों को लाभ नहीं मिल रहा। बूंद-बूंद पानी के लिए लोग तरस रहे हैं। जबकि लाखों रुपये योजना में खर्च किया जा रहा है। आरोप लगाया कि पूर्व के जल स्रोत से ही लोगों को जो पानी मिल रहा था अब वह भी नसीब नहीं हो रहा जिससे तमाम परेशानियां खड़ी हो चुकी है। योजना में भी तमाम अनियमितताएं हैं। पाइप लाइन को जमीन के ऊपर ही छोड़ दिया जा रहा है जिससे भविष्य में उसके क्षतिग्रस्त होने का अंदेशा है वही कई जगह टैंक का ही निर्माण नहीं हो सका है। प्रदेश सचिव ने मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग उठाई है।
