◾आगामी बरसात में संभावित खतरा टालने को शुरु हुआ कार्य
◾ कोसी का उफान बुनियाद को पहले पहुंचा चुका है भारी नुकसान
◾ समाचार पोर्टल में प्रमुखता से मुद्दा उठा अधिकारियों का खींचा ध्यान
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
तीखी नजर समाचार पोर्टल की मुहिम एक बार फिर रंग लाई है। बेतालघाट ब्लॉक के तमाम गांवों को जोड़ने वाले महत्वपूर्ण रतौडा़ पुल को बचाने की कवायद तेज हो गई है। पुल की बुनियाद पर मंडरा रहे खतरे को टालने को नदी को डायवर्ट करने का कार्य शुरु कर दिया गया है। लोनिवि के अपर सहायक अभियंता मनमोहन सिंह के अनुसार सुरक्षात्मक कार्यों के लिए लगभग डेढ़ करोड़ का प्रस्ताव बनाकर सरकार को भी भेज दिया गया है। स्वीकृति मिलते ही कार्य शुरू करा दिया जाएगा।
शहीद बलवंत वर्धो – भुजान मोटर मार्ग पर कोसी नदी पर बने महत्वपूर्ण रतौडा पुल को आगामी बरसात में बाढ़ के थपेड़ों से बचाने की जद्दोजहद शुरू हो गई है। पहले चरण में कोसी नदी को डायवर्ट करने का कार्य शुरू कर दिया गया है। दो वर्ष पूर्व अक्टूबर में हुई मूसलाधार बारिश के बाद उफान में आई कोसी नदी ने पुल की बुनियाद को खासा नुकसान पहुंचाया तब बाढ़ सुरक्षा कार्य ध्वस्त हो गए। पुल की बुनियाद पर भी दरारें भी गहरा गई। समाचार पोर्टल तीखी नजर ने जनहित में पुल को बचाने को जोर-शोर से मुद्दा उठाया। लगातार ख़बरों के माध्यम से जिम्मेदारों का ध्यान खींचा। हरकत में आए विभागीय अधिकारियों ने पुल का सर्वे किया और अब उच्चाधिकारियों के निर्देश पर पुल की बुनियाद को आगामी बरसात में कोसी नदी के उफान से बचाने को कार्य शुरू कर दिया गया है। लोनिवि के अपर सहायक अभियंता मनमोहन सिंह के अनुसार नदी का रुट बदलाव किया जा रहा है ताकि बरसात में नदी का उफान बुनियाद पर सीधा प्रभाव न डाल सके। बाढ़ सुरक्षा कार्य के लिए डेढ़ करोड़ रुपये से अधिक का प्रस्ताव भी तैयार कर सरकार को भेज दिया गया है स्वीकृति मिलते ही कार्य शुरू करा दिया जाएगा। पुल को बचाने के लिए शुरू हुए कार्य पर ग्रामीणों ने भी खुशी जताई है।
