◾जौरासी के समीप हाइवे के बीचोबीच पलटा खड़िया से लदा कैंटर
◾ जेसीबी मशीन से बामुश्किल हटाया जा सका दुर्घटनाग्रस्त वाहन
◾बदहाल हाइवे पर लगातार बढ़ते जा रहा दुर्घटना का ग्राफ
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
बदहाली का दंश झेल रहे बदहाल अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर आए दिन वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो रहे हैं। जौरासी के समीप खड़िया से लदा कैंटर हाइवे पर लगे मलबे के ढेर पर चढ़ हाइवे के बीचोबीच पलट गया। करीब तीन घंटे आवाजाही ठप रही। जेसीबी मशीन से दुर्घटनाग्रस्त कैंटर को हटाए जाने के बाद बामुश्किल आवाजाही सुचारु हुई।
हाईवे पर दुर्घटनाओं का ग्राफ तेजी से बढ़ता ही जा रहा है। जगह जगह धंसता हाईवे व मलबे के ढेर दुर्घटना का कारण बनते जा रहे हैं बावजूद कोई सुध लेवा नहीं है। रविवार को बागेश्वर निवासी आनंद रौतेला वाहन यूके 04 सीबी 8170 में बागेश्वर से खड़िया लाद हल्द्वानी को रवाना हुआ। सुबह छह बजे के आसपास आनंद हाइवे पर जौरासी क्षेत्र के समीप पहुंचा ही था कि वाहन हाईवे पर लगे मलबे के ढेर पर चढ़ असंतुलित होकर हाईवे पर ही पलट गया। वाहन के हाईवे के बीच दुर्घटनाग्रस्त होने से आवाजाही ठप हो गई। तराई से पहाड़ तथा पहाड़ से तराई जा रहे छोटे-बड़े वाहन जहां तहां फंस गए। आवाजाही कर रहे लोगों ने वाहन के अंदर फंसे चालक आनंद को बामुश्किल बाहर निकाला। संयोगवश आनंद मामूली रूप से चोटिल हुआ। आवाजाही ठप होने से यात्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। चौकी पुलिस को सूचना भेजी गई। एनएच की जेसीबी मशीन को भी मौके पर बुलाया गया। लगभग नौ बजे तक बामुश्किल दुर्घटनाग्रस्त वाहन को हाईवे से हटाया जा सका तब जाकर तीन घंटे बाद हाईवे पर आवाजाही सुचारू की जा सकी। लोगों ने हाइवे को तत्काल दुरुस्त किए जाने की मांग उठाई है।
