🔳अतिसंवेदनशील दोपांखी क्षेत्र में चौड़ीकरण कार्य है प्रस्तावित
🔳एनएच प्रशासन ने जिलाधिकारी से मांगी अनुमति
🔳बंद के दौरान क्वारब व भवाली से रुट डायवर्ट करने का दिया सुझाव
🔳आपदा से हाइवे ध्वस्त होने के बाद चौड़ीकरण कर आवाजाही सुगम करने की है रणनीति
🔳सुरक्षा के मद्देनजर यातायात बंद रखने पर दिया जोर
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
कुमाऊं की महत्वपूर्ण लाइफ लाइन पर अतिसंवेदनशील दोपांखी क्षेत्र में चौड़ीकरण कार्य के लिए एक महीने तक यातायात बंद करने की तैयारी की जा रही है। इसके लिए बकायदा एनएच प्रशासन ने जिलाधिकारी नैनीताल को पत्र भेज अनुमति भी मांगी है। चौड़ीकरण कार्य के दौरान सुरक्षा के मद्देनजर यातायात बंद रखने पर जोर दिया है। एनएच के सहायक अभियंता रमेश चंद्र पांडे के अनुसार जिलाधिकारी को पत्र भेज दिया गया है। अनुमति का इंतजार है। अनुमति मिलते ही चौड़ीकरण कार्य शुरु किया जाएगा।
हाइवे पर अतिसंवेदनशील दोपांखी, भोर्या बैंड, रातीघाट समेत तमाम स्थानों पर चार वर्ष पूर्व मूसलाधार बारिश के बाद भूस्खलन होने से महत्वपूर्ण अल्मोड़ा हल्द्वानी हाइवे का बड़ा हिस्सा ध्वस्त हो गया। लंबे समय तक यातायात ठप होने के बाद एनएच प्रशासन ने बामुश्किल पहाड़ी काट वन वे आवाजाही सुचारु की। वन वे आवाजाही होने से दुर्घटना का खतरा बढ़ने के साथ ही आए दिन जाम लगने से एनएच प्रशासन ने समस्या के समाधान को दोपांखी क्षेत्र में हाइवे से सटी थुआ की पहाड़ी को काट हाइवे को चौड़ा करने की रणनीति तैयार की। बीते नवम्बर में चौड़ीकरण कार्य शुरु होने से आवाजाही में राहत मिलने की उम्मीद जगी पर कार्य अधूरा होने से उम्मीदों को पंख नहीं लग सके। बीते नवम्बर में चौड़ीकरण का किया गया पर तय समय पर पहाड़ी कटान का कार्य नहीं हो सका उसके उलट पहाड़ी का मलबा नियमों की धज्जियां उड़ा पवित्र शिप्रा नदी में डाल दिया गया। अब एनएच प्रशासन ने दोबारा कार्य शुरु करने की कवायद शुरु कर दी है। जिलाधिकारी नैनीताल वंदना सिंह को पत्र भेज एक महीने तक हाइवे पर आवाजाही बंद करने की अनुमति मांगी है ताकी सुरक्षित व युद्ध स्तर पर कार्य कर हाइवे को चौड़ा कर सुगम यातायात के लिए तैयार किया जा सका है। एनएच के सहायक अभियंता रमेश चंद्र पांडे के अनुसार जिलाधिकारी से अनुमति मिलने के बाद चौड़ीकरण कार्य शुरु किया जाएगा। हाइवे पर आविष्कार बंद रहने के दौरान वाया क्वारब व भवाली से रुट डायवर्ट किया जाएगा ताकी बगैर कार्य प्रभावित हुए चौड़ीकरण का कार्य किया जा सके।




