🔳नदी के घटते जल स्तर से सिंचाई का खड़ा हुआ संकट
🔳धरतीपुत्रों को सताने लगी पैदावार प्रभावित होने की चिंता
🔳लंबे समय से बारिश न होने पर नदी सूखने के कगार पर
🔳सब्जियों की बंपर पैदावार को खास पहचान रखते हैं नदी से सटे तमाम गांव
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))

पर्वतीय क्षेत्र में लंबे समय से बारिश न होने से नदियां व प्राकृतिक जल स्रोत सूखने के कगार पर पहुंच गए हैं। कुंजगढ़ नदी में पानी कम होने से नदी तट से सटी कृर्षि भूमि पर भी सब्जियों की पैदावार भी प्रभावित होने लगी है। लगातार सूख रहे खेतों से धरतीपुत्रों की चिंता भी बढ़ने लगी है।
समीपवर्ती टूनाकोट, टूनाकोट सेरा, तिपोला, सुकोली, चापड़, कमान, बचौडी आदि गांवों की कृर्षि भूमि कुंजगढ नदी के तट पर स्थित है। नदी के तट पर होने से किसानों को खेतों में सिंचाई के लिए पानी आसानी से उपलब्ध हो जाता है। यही कारण है की यहां सब्जियों की बंपर पैदावार होती है। यहां की सब्जियों की पूरे क्षेत्र में धाक में भी है। इस वर्ष समुचित बारिश न होने से किसानों के माथे पर चिंता की लकीरें गहरा गई है। लंबे समय से बारिश न होने से कुंजगढ नदी भी सूखने के कगार पर पहुंच गई है। जल स्तर घटने से किसानों को नदी से सिंचाई के लिए पानी नहीं मिल पा रहा जिस कारण खेत भी सूखने के कगार पर पहुंच गए हैं। ऐसे में आलू, प्याज, लहसुन, मैथी, गोभी, बीन, टमाटर आदि सब्जियों की पैदावार प्रभावित होने का खतरा भी बढ़ गया है। हालांकि किसान हार मानने को तैयार नहीं है दूर दराज से सिर पर पानी के बर्तन ढोकर खेतों की सिंचाई करने को मजबूर हो चुके हैं। बारिश के इंतजार में किसान आसमान की ओर टकटकी लगाए देख रहे हैं पर ऐसा लगता है मानो इंद्रदेव ने मुंह फेर लिया हो। स्थानीय कास्तकार सुनील सिंह मेहरा, नारायण सिंह, भगवत सिंह, सुंदर सिंह, पूरन सिंह, देवेंद्र सिंह, भीम सिंह, प्रताप सिंह, बचे सिंह, आंनद सिंह, नीरज सिंह, झूंगर सिंह के अनुसार जल्द बारिश न हुई तो उपज प्रभावित होने से भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है।

error: Content is protected !!