🔳 खनन विभाग ने बढ़ाई कोसी घाटी की निगरानी
🔳 अवैध खनन रोकने को तैयार की विशेष रणनीति
🔳 मुखबिर तंत्र को भी किया गया सक्रिय
🔳 मशीनों पर रोक के बावजूद नदी में मशीन मिलने पर भी होगी कार्रवाई
[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]
कोसी घाटी में खनन सत्र शुरु होने के साथ ही खनन विभाग ने भी निगरानी बढ़ाने के साथ ही नियमों का उल्लघंन करने वालों को रडार में लेने की तैयारी शुरु कर दी है। अवैध खनन रोकने को भी विशेष रणनीति तैयार कर ली गई है। जिला खनन अधिकारी ताजवर सिंह ने चेताया है की नियमों का उल्लघंन मिलने व अवैध खनन पर उपखनिज पट्टा निरस्त करने के साथ ही जुर्माना भी लगाया जाएगा।
सफेद सोने के काले कारोबार के लिए कुख्यात कोसी घाटी में खनन सत्र शुरु होने के साथ ही खनन विभाग भी अलर्ट मोड पर आ गया है। कोसी घाटी में भुजान, बढेरी, बर्धो, रतौडा, नैनीचैक, बेतालघाट, सेठी, लेहड़ा आदि क्षेत्रों में उपखनिज पट्टों को स्वीकृति दी गई है। वर्तमान में दो से तीन स्थानों पर खदान का कार्य शुरु कर दिया गया है। उपखनिज पट्टों पर खदान को खनन विभाग ने कई नियमों व शर्तों के साथ ही महीनों से खदान पर न्यायालय की रोक के कारण श्रमिकों के जरिए खनन की अनुमति दी है। नियमों के पालन के साथ ही खनन किए जाने को खनन विभाग ने कोसी घाटी की निगरानी बढ़ा दी है वहीं अवैध खनन पर सख्ती से अंकुश लगाने को विशेष रणनीति भी तैयार की गई है। रात के समय नदी क्षेत्र में मशीन उतार खदान करने वालों पर शिकंजा कसने को बकायदा मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय कर दिया गया है। जिला खनन अधिकारी ताजवर सिंह के अनुसार अवैध खनन रोकने को कड़े कदम उठाए जाएंगे। नियमों का उल्लघंन कर उपखनिज पट्टा संचालन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई कर उपखनिज पट्टा निरस्त कर दिया जाएगा वहीं नियमानुसार जुर्माना भी लगाया जाएगा। साफ कहा की नियमों का पालन कर खनन के निर्देश दिए गए हैं।




