🔳बगैर अनुमति मजदूरों के रहने से उठे सवाल
🔳भुजान बाजार के समीप स्थित है जीआइसी का आवासीय परिसर
🔳बेरोकटोक रह रहे बाहरी राज्यों के मजदूर
🔳क्षेत्रवासियों ने उठाई मामले की जांच की मांग
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
समीपवर्ती भुजान क्षेत्र में स्थित राजकीय अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज के आवासीय परिसर में बाहरी राज्यों के मजदूरों ने कब्जा जमा लिया है। बाहरी मजदूरों के आवासीय परिसर में डेरा डाल दिए जाने से तमाम गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। विद्यालय के प्रधानाचार्य भंवर सिंह के अनुसार मजदूरों के आवासीय परिसर में रहने की जानकारी मिलने पर उन्हें हटाने के लिए राजस्व उपनिरीक्षक को कहा गया है।
अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज भुजान के ठीक नीचे विद्यालय की आवासीय परिसर है। अनदेखी का शिकार होने से आवासीय परिसर बदहाल हालत में पहुंच चुका है। निगरानी के अभाव में आवासीय परिसर खस्ताहाल हो चुका है। देखरेख न होने से अब बाहरी राज्यों से काम की तलाश में पहुंचे श्रमिकों ने अब आवासीय परिसर में कब्जा कर लिया है। बच्चों व महिलाओं के साथ आवासीय परिसर में रह रहे श्रमिक नजदीक ही बहने वाली जीवनदायिनी कोसी नदी में खुले में शौच कर नदी को प्रदूषित करने में जुटे हुए हैं। बाहरी मजदूरों के आवासीय परिसर में बगैर विद्यालय प्रबंधन को सूचना दे डेरा डाल दिए जाने से क्षेत्र में भी हड़कंप मचा हुआ है। स्थानीय लोगों ने भी गहरी नाराजगी जताई है। आरोप लगाया है की बाहरी राज्यों के मजदूर खुलेआम आवासीय परिसर व नदी क्षेत्र में गंदगी फैला रहे हैं बावजूद कार्रवाई नहीं की जा रही। जीआईसी भुजान के प्रधानाचार्य भंवर सिंह के अनुसार मजदूरों के आवासीय कॉलोनी में होने की सूचना मिली है। राजस्व उपनिरीक्षक से मजदूरों को परिसर से हटाने के लिए कहा जा चुका है।




