🔳वन संपदा को हुआ नुकसान, मवेशियों की चारा पत्ती भी हुई राख
🔳आबादी तक पहुंचने से पहले बुझी आग, टला बड़ा हादसा
🔳वन विभाग व युवक व महिला मंगल दल ने भी आग बुझाने को चलाया अभियान
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
अल्मोड़ा हल्द्वानी हाइवे से सटे जंगल का बड़ा हिस्सा आग की चपेट में आकर खाक हो गया। वन विभाग तथा युवक व महिला मंगल दल ने भी जंगल में धधकी आग को बुझाने को अभियान चलाया। मध्य रात्रि हुई बारिश के बाद जंगल में लगी आग बुझ पाई।
हाइवे से सटे गडस्यारी, सड़का तथा बडसीला गांव से सटे जंगल बीते रोज आग की चपेट में आ गया। गदेरिया के जंगल में धधकी आग ने देखते ही देखते विकराल रुप धारण कर लिया। कुछ ही देर में आग की ऊंची लपटों ने जंगल के बड़े हिस्से को चपेट में ले लिया। जंगल में आग धधकने से आसपास के गांवों में भी हड़कंप मच गया गनीमत रही की आग का रुख आबादी की ओर नही हुआ और बड़ा हादसा टल गया हालांकि वन संपदा को काफी नुकसान पहुंचा है। मवेशियों के लिए जंगल में पाई जाने वाली चारा पत्ती भी आग की भेंट चढ़ गई। सूचना पर वन विभाग व युवक तथा महिला मंगल दल के सदस्यों ने आग पर काबू पाने का प्रयास किया। मध्य रात्रि से शुरु हुई बारिश से जंगल की आग बुझ सकी। आग के बुझने के बाद गांवों को बाशिंदो ने भी राहत की सांस ली।




