🔳 पहली बार अधिकारियों को गांव में देख हैरत में पड़े ग्रामीण
🔳 अधिकारियों व ग्रामीणों की बैठक में कई मुद्दों पर हुई चर्चा
🔳 अफसरों ने दिलाया जल्द सड़क सुविधा से लाभान्वित करने का भरोसा
🔳 छह किमी सड़क निर्माण का प्रस्ताव सरकार को भेजे जाने की दी जानकारी
🔳 तीखी नजर समाचार पोर्टल ने प्रमुखता से प्रकाशित किया था सड़क संबंधी समाचार
[[[[[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]]]]
बेतालघाट ब्लॉक के सूदूर कोटा धिरीया व खड़की गांव के सड़क सुविधा से वंचित होने का मामला तीखी नजर समाचार पोर्टल में प्रमुखता से प्रकाशित होने के बाद प्रशासनिक अधिकारियों को गांव में देख ग्रामीण हैरत में पड़ गए। पहली बार गांव पहुंचे अधिकारियों का स्वागत किया गया। अधिकारियों ने ग्रामीणों संग बैठक कर कई बिंदुओं पर चर्चा की। बताया की दोनों गांवो को सड़क सुविधा से जोड़ने के लिए प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। प्रयास किया जाएगा की जल्द गांव के लोगों को सड़क सुविधा का लाभ मिल सकें। गांव की अहम समस्या को जोर-शोर से उठाने पर ग्रामीणों ने समाचार पोर्टल का आभार व्यक्त किया है।
दरअसल प्रत्येक पांच वर्ष में होने वाले सांसद, विधायक व पंचायत प्रतिनिधियों के चुनाव में कोटा धिरीया व खड़की गांव के ग्रामीणों को सड़क सुविधा उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया जाता है। पर चुनाव के बाद दावे हवा हवाई ही साबित होते हैं। आजादी के बाद भी दोनों गांवो के ग्रामीण सड़क सुविधा के लिए तरस रहे हैं। बेहतर भविष्य निर्माण की उम्मीद में नौनिहाल रोजाना गांव से पैदल दूरी नाप बेतालघाट व सेठी क्षेत्र में स्थित विद्यालय पहुंच रहे हैं। जंगल का रास्ता होने से नौनिहालों की जिंदगी पर जंगली जानवरों के हमले का खतरा भी मंडराता रहता है। गांव से बुजुर्गो व गर्भवती महिलाओं को उपचार के लिए अस्पताल ले जाने को डोली का सहारा लिया जाना आम बात हो चुकी है। खेतीबाड़ी के क्षेत्र में भी दोनों गांव अव्वल है पर उपज को मंडी तक पहुंचाना डेढी खीर है। सड़क सुविधा उपलब्ध न होने से गांव आज भी विकास से कोसों दूर है। बीते रविवार के अंक में तीखी नजर समाचार पोर्टल ने ग्रामीणों की समस्या को प्रमुखता से प्रकाशित किया। ग्रामीणों में लगातार बढ़ रही नाराजगी को भी जोर-शोर से उठाया। समाचार प्रकाशित होने के बाद मंगलवार को तहसीलदार भुवन चंद्र भंडारी की अगुवाई में प्रशासनिक टीम ने कोटा धिरीया व खड़की गांव की ओर रुख कर लिया। प्रशासन, लोनिवि व ग्राम्य विकास विभाग के अधिकारियों की संयुक्त टीम को गांव में देख ग्रामीण हैरत में पड़ गए। गांव में हुई बैठक में ग्रामीणों को समस्याओं के समाधान का भरोसा दिलाया गया। लोनिवि के अधिकारियों ने बताया की रोपा क्षेत्र से गांव को जोड़ने के लिए छह किमी मोटर मार्ग का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। प्रयास किया जाएगा की जल्द सड़क निर्माण को स्वीकृति मिल सके तथा गांव के लोग लाभान्वित हो सकें। ग्रामीणों ने अफसरों से भरोसा मिलने पर राहत की सांस ली। साथ ही पंचायत चुनाव में शत-प्रतिशत मतदान का भरोसा भी दिलाया। ग्रामीणों ने सड़क संबंधी समस्या को प्रमुखता से प्रकाशित करने पर तीखी नजर समाचार पोर्टल का भी आभार व्यक्त किया। ग्राम प्रधान संगठन के निवर्तमान प्रदेश सचिव शेखर दानी व व्यापार मंडल अध्यक्ष बेतालघाट बालम बोहरा के अनुसार अब गांवों के सड़क मार्ग से जुड़ने की उम्मीद जग गई है। तहसीलदार भुवन चंद्र भंडारी के अनुसार गांव को सड़क सुविधा से जोड़ने के लिए गंभीरता से कार्य किया जाएगा। इस दौरान लोनिवि के सहायक अभियंता जीडी जोशी, ग्राम विकास अधिकारी धीरज जोशी समेत कई विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।
