🔳जगह जगह फैली गंदगी व गंदे पानी के पाइप कर रहे आस्था पर चोट
🔳दावों तक सिमटे सफाई अभियान, फोटोग्राफी कर हो जाती है इतिश्री
🔳गंदगी से नदी क्षेत्र की बदलती जा रही शक्लों सूरत
🔳नदी को प्रदूषित करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
पवित्र उत्तरवाहिनी शिप्रा नदी पर जगह जगह बजबजा रही गंदगी से नदी के अस्तित्व पर संकट गहरा गया है। बावजूद जिम्मेदार आंखें मूंदे बैठे हैं। नदी को साफ सुथरा बनाए रखने के दावे भी खोखले साबित हो रहे हैं। नदी क्षेत्र में चलाए जा रहे सफाई अभियान भी महज फोटोग्राफी तक सिमट के रह जा रहे। गंदे पानी के पाइप व फैली गंदगी पवित्र नदी के प्रति जिम्मेदारों की लापरवाही को भी उजागर कर रहा है।
उत्तरवाहिनी शिप्रा नदी अपना एक विशेष महत्व रखती है। लोग कई धार्मिक अनुष्ठान नदी क्षेत्र में करते हैं जबकि गरमपानी खैरना से आगे जाने के बाद उत्तरवाहिनी शिप्रा जीवनदायिनी कोसी नदी से मिल जाती है जहां आगे जाकर नदी से कई पेयजल व सिंचाई योजनाएं भी संचालित है। गरमपानी खैरना क्षेत्र में नदी की हालत दयनीय बनी हुई है है। जगह जगह फैली गंदगी व घरों व दुकानों से नदी क्षेत्र में छोड़े गए गंदे पानी के पाइप से पवित्र नदी अपवित्र होती जा रही है। नदियों को साफ सुथरा बनाए रखने के लिए समय समय पर अभियान भी चलाए जाते हैं पर नदी की स्थिति अभियानों पर सवाल खड़े कर रही है। जिम्मेदारों की अनदेखी से नदी गंदगी से कराह रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार कई बार नदी में गंदगी डालना प्रतिबंधित करने तथा नदी क्षेत्र को साफ सुथरा बनाए रखने का आह्वान किया जा चुका है बावजूद सुध नहीं ली जा रही। क्षेत्रवासियों ने नदी को स्वच्छ बनाए रखने को ठोस उपाय करने तथा गंदगी डालने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई है।




