🔳सांसद व विधायक चुनने को पांच किमी की दूरी नापते हैं पैदल
🔳एक ग्राम पंचायत के अलग अलग तोक के मतदाता अलग अलग बूथ पर करते हैं मतदान
🔳पंचायत चुनाव में गांव में ही बनाया जाता है मतदान केंद्र
🔳पंचायत चुनाव की तर्ज पर गांव में ही लोकसभा व विधानसभा चुनाव का मतदान केंद्र बनाने की उठी मांग
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))

बेतालघाट ब्लॉक के घिरोली गांव के मतदाताओं के लिए चुनावों का भूगोल अजीबो गरीब है। लोकसभा व विधानसभा चुनाव के लिए गांव के बाशिंदे पांच किमी दूर घोड़ियां हल्सों गांव में स्थित मतदान को पहुंचते हैं जबकि पंचायत चुनाव में गांव में बने मतदान केंद्र पर मतदान किया जाता है। खास बात यह भी है की एक ही पंचायत के अलग अलग तोको के बाशिंदों को भी अलग अलग गांवों में बने मतदान केंद्र पर मतदान को पहुंचना पड़ता है।
मूलभूत सुविधाओं को तरस रहे सूदूर गांवों के बाशिंदों को मतदान के लिए भी तमाम दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। केंद्र में अपना नेता चुनने को घिरोली गांव के करीब डेढ़ सौ से ज्यादा मतदाता गांव से करीब पांच किमी की दूरी तय कर घोड़ियां हल्सों गांव स्थित मतदान केंद्र में मतदान को पहुंचते हैं। मतदान के दिन वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित होने की वजह से बुजुर्ग महिलाएं व पुरुष मतदाता पैदल ही मतदान केंद्र की दूरी नापने को मजबूर हो जाते हैं। पांच किमी जाने के बाद पांच किमी वापसी भी पैदल ही गांव पहुंचना पड़ता है। कई लोग ऐसे में मतदान करने ही नहीं पहुंचते। चुनावों का भूगोल इतना विकट है की हर कोई दंग रह जाए। लोकसभा व विधानसभा चुनाव में जहां ग्रामीणों को मतदान करने के लिए पांच किमी की दूरी तय करनी पड़ती है वहीं गांव की सरकार यानी पंचायत चुनाव में गांव के बाशिंदे गांव में बने मतदान केंद्र में ही मतदान करते हैं। यहीं नहीं एक ही पंचायत के अलग अलग तोक के ग्रामीण अलग अलग गांवों में बने मतदान केंद्र पर पहुंचकर अपने मत का इस्तेमाल करते हैं। ग्राम पंचायत घिरौली के टूग्यूडा तोक के बाशिंदे मल्ली पाली जबकि हरचनौली तोक के बाशिंदे आमबाडी गांव में बने बूथ पर मतदान करते हैं। गांव के बाशिंदे एक ही स्थान पर गांव के नजदीक मतदान केंद्र बनाए जाने की मांग भी उठा चुके हैं बावजूद सुनवाई नहीं हो रही। स्थानीय नवीन चंद्र आर्या के अनुसार दूरदराज व अलग अलग केंद्र बनाए जाने से गांव के बाशिंदों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। पंचायत चुनाव की तर्ज पर गांव में ही केंद्र बनाकर मतदान करवाए जाने की कई बार मांग भी उठाई जा चुकी है बावजूद सुध नहीं ली जा रही ऐसे में मूलभूत जरुरतों के लिए तरस रहे गांव के बाशिंदों को मतदान करने में तक परेशानी से जूझना पड़ रहा है।

error: Content is protected !!