🔳रोमांचक मुकाबले में व्यापार मंडल की टीम को दी करारी शिकस्त
🔳रोशन ने घातक गेंदबाजी का प्रदर्शन कर आधी टीम को भेजा पवेलियन
🔳विजेता व उपविजेता टीम को सौंपी गई चमचमाती ट्रॉफी
🔳फाइनल मुकाबले का लुत्फ उठाने पहुंचे सैकड़ों खेल प्रेमी
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
रामगढ़ ब्लॉक के बैरोली स्थित खेल मैदान पर खेली जा रही क्रिकेट चैंपियनशिप का फाइनल मुकाबला बी बॉयज बैरोली की टीम ने जीत लिया। रोमांचक मुकाबले में व्यापार मंडल मोना चापड़ की टीम को करारी शिकस्त दी। गेंदबाजी व बल्लेबाजी में शानदार प्रदर्शन करने वाले विजेता टीम के हेम को मैन ऑफ द मैच चुना गया। अतिथियों ने विजेता व उपविजेता टीम को नगद धनराशि व चमचमाती ट्रॉफी भेंट की।
मंगलवार को बैरोली खेल मैदान पर फाइनल मुकाबले का शुभारंभ जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि राकेश कपिल, भाजपा महिला मोर्चा मंडल अध्यक्ष निर्मला जीना तथा पूर्व ग्राम प्रधान मोहन सिंह ने किया। अतिथियों ने दोनों टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उत्कृष्ट प्रदर्शन का आह्वान किया। फाइनल मुकाबले में व्यापार मंडल मोना चापड़ की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का निर्णय लिया। 18 ओवर में पूरी टीम 122 रन बनाकर आउट हो गई। बी बॉयज के रोशन ने घातक गेंदबाजी का प्रदर्शन कर छह खिलाड़ियों को पवेलियन भेजा। विजयी लक्ष्य का पीछा करने उतरी बी बॉयज की टीम के रोहित के अर्धशतक की बदौलत चौदहवें ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर खिताब पर कब्जा जमा लिया। रोशन ने भी 32 रन का योगदान दिया। रोशन को मैन ऑफ द मैच जबकि प्रीतम को मैन ऑफ द सीरीज चुना गया। अंपायर की भूमिका पान सिंह व ललित कपिल ने निभाई। अतिथियों ने विजेता व उपविजेता टीम को नगद पुरस्कार के साथ ही चमचमाती ट्रॉफी भेंट की। इस दौरान आयोजन समिति अध्यक्ष गौरव जीना, धर्मेंद्र जीना, विपिन सिंह समेत कई लोग मौजूद रहे। फाइनल मुकाबले का लुत्फ उठाने आसपास के गांवों से सैकड़ों खेल प्रेमी बैरोली स्थित खेल मैदान पहुंचे।




