◾खैरना पुलिस ने चार वाहनों के किए ऑनलाइन चालान
◾रास्ते पर वाहन पार्क होने से स्कूली बच्चे व राहगीर परेशान
◾टीम तीखी नजर समाचार पोर्टल ने उठाया मुद्दा
◾ हाईवे पर भी तेज रफ्तार वाहन दौड़ाने वाले चालकों पर कसा शिकंजा
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))

नवनिर्मित रानीखेत – खैरना पुल पर पैदल आवाजाही को बने रास्ते पर वाहन खड़े करने वाले वाहन चालकों पर खैरना चौकी पुलिस ने शिकंजा कस दिया है। चार वाहनों के ऑनलाइन चालान काटे गए हैं। वाहन चालकों को सख्त हिदायत भी दी कि यदि पुल पर वाहन खड़े किए तो कानूनी कार्रवाई भी होगी। हाईवे पर भी तेज रफ्तार वाहन दौड़ रहे चालकों का चालान का जुर्माना वसूला गया।
अल्मोड़ा व नैनीताल जनपद की सीमा पर खैरना के समीप कोसी नदी पर बने नवनिर्मित सेतू पर वाहन पार्क कर पैदल आवाजाही को बने रास्ते को बंद करने वालों के खिलाफ चौकी पुलिस खैरना एक्शन में आ गई है। चौकी प्रभारी दिलीप कुमार ने शुक्रवार को पुल पर खडे़ वाहनों के ऑनलाइन चालान किए। बाद में वाहन चालकों को सख्त हिदायत भी दी। दो टूक कहा कि यदि मनमानी हुई तो फिर कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी। अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर तेज रफ्तार, बगैर कागजात वाहन दौड़ रहे दस वाहन चालकों का चालान कर पांच हजार रुपये जुर्माना वसूला गया। इस दौरान गिरीश चंद्र टम्टा, राजेंद्र सती, जगदीश धामी, प्रयाग जोशी आदि मौजूद रहे।