◾ चलेगा विशेष अभियान, चालान की कार्रवाई भी होगी
◾ संभावित खतरे को टालने को होगा विशेष टीम का गठन
◾खतरे से अनजान कई लोगों की डूब कर हो चुकी है मौत
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))

तीखी नजर समाचार पोर्टल पर चले अभियान का एक बार फिर असर हुआ है।कोसी नदी में खतरे से अनजान नहाने उतर रहे लोगों के खिलाफ प्रशासन ने अब सख्त रुख अपनाने की तैयारी कर ली है। विशेष टीम का गठन कर अभियान चलाने के साथ ही चालानी कार्रवाई भी की जाएगी। एसडीएम कोश्या कुटोली के अनुसार पुलिस को भी दिशा निर्देश दिए जाएंगे।
अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे के समीप बहने वाली कोसी नदी में तपिस बढ़ने के साथ ही पर्यटक नहाने उतर रहे हैं। खतरे से बेपरवाह पर्यटक बच्चो समेत नदी के बीचो-बीच तक पहुंच जा रहे हैं। जिससे खतरा लगातार बढ़ते ही जा रहा है। पूर्व में कोसी नदी में नहाने के दौरान डूबकर कई लोगों की मौत हो चुकी है। भंवर व गहराई वाले स्थानों पर नहाने उतरे लगभग दो दर्जन से अधिक लोग जिंदगी गंवा चुके हैं। पुलिस प्रशासन ने जगह जगह चेतावनी बोर्ड भी लगाए हैं बावजूद लोग मनमानी पर आमादा है। चेतावनी को दरकिनार कर लोहाली, नावली, काकड़ीघाट, चमड़ियां आदि क्षेत्रों पर्यटक नदी में नहाने उतर जा रहे हैं। तीखी नजर समाचार पोर्टल ने नदी में उतर रहे लोगों पर मंडरा रहे खतरे को प्रमुखता से उठाया। ऐसे में अब प्रशासन ने विशेष रणनीति तैयार कर ली है। एसडीएम पारितोष वर्मा के अनुसार विशेष टीम का गठन कर अभियान चलाया जाएगा। चालान की कार्रवाई भी होगी। मामले की गंभीरता को देख पुलिस को भी निर्देशित किया जाएगा ताकि संभावित खतरे को टाला जा सके।