🔳 जिम्मेदारों की अनदेखी से खंडहर में हो चुका तब्दील
🔳 टूटी छत, क्षतिग्रस्त कमरे विकास की हकीकत कर रहे बयां
🔳 झाड़ियों से घिरा पंचायत भवन बन चुका भूतिया भवन
🔳 बद से बद्तर हालत में पहुंचने के बावजूद नहीं ली जा रही सुध
[[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]]]]
बेतालघाट ब्लॉक के तल्ली सेठी गांव के पंचायत भवन की हालत गांवों में विकास का ढोल पीटने वालों के मुंह पर तमाचा है। सरकारी बजट से बना पंचायत भवन खंडहर में तब्दील हो चुका है। पंचायत की बैठक तो दूर यहां पहुंच पाना ही मुश्किल है। गांव के विकास की रीढ़ कहे जाने वाले पंचायत भवन की दुर्दशा जिम्मेदारों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठा रही है। अनदेखी का शिकार पंचायत भवन भूतिया भवन में तब्दील हो चुका है।
पंचायत भवन को ग्रामीण विकास की पहली सीढ़ी कहा जाता है। पंचायत भवन में बैठक कर गांव के लोग विकास की कार्ययोजना तैयार करते हैं। पंचायत भवन से ही गांव के विकास का आधारभूत ढांचा तैयार होता है पर ब्लॉक मुख्यालय बेतालघाट से सटे तल्ली सेठी गांव में बना पंचायत भवन कुछ और ही हकीकत बयां कर रहा है। पंचायत भवन की दुर्दशा से यहां कोई जाना तक पसंद नहीं करता। वर्षों पूर्व सरकार से मिले भारी भरकम बजट से पंचायत भवन का निर्माण तो कर लिया गया पर जिम्मेदार अधिकारी इसकी देखरेख करना ही भूल गए नतीजतन वर्तमान में पंचायत भवन खंडहर में तब्दील हो चुका है। टूटी छत, दीवारें, चारों और उगी बड़ी बड़ी झाड़ियां, क्षतिग्रस्त दरवाजे चीख चीख कर बदहाली की हकीकत बयां कर रहे हैं। सरकारी भवन की दयनीय हालत से ग्रामीणों में भी गहरी नाराजगी है। ग्राम प्रधान प्रताप कुमार के अनुसार जिम्मेदारी संभालने के बाद जब पंचायत भवन के हालात देखें तो विश्वास ही नहीं हुआ की ये भवन उनके गांव का ही पंचायत भवन है। सवाल उठाया की पंचायत भवन की हालत के लिए आखिरकार जिम्मेदार कौन है। ग्राम प्रधान के अनुसार पंचायत की पहली खुली बैठक कहां होगी यह यश प्रश्न बन चुका है। गांव के लोगों ने बदहाली के लिए जिम्मेदार विभागीय अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई है। आरोप लगाया की जब ब्लॉक मुख्यालय से सटे गांव में ही हालत ऐसे हैं तो निश्चित रुप से सूदूर गांवों में हालात विकट होंगे। ग्राम प्रधान प्रताप कुमार व गांव के लोगों ने पंचायत के पुनर्निर्माण की मांग उठाई है। दो टूक चेताया है की यदि सुध नहीं ली गई तो ब्लॉक मुख्यालय में धरना दिया जाएगा। बीडीओ बेतालघाट पंकज जोशी के अनुसार संबंधित ग्राम पंचायत विकास अधिकारी से भवन संबंधी रिपोर्ट मांगी जाएगी। रिपोर्ट मिलने के बाद ही पुनर्निर्माण व ने भवन निर्माण के लिए प्रस्ताव तैयार करवाया जाएगा।




