🔳 मृतका के भाई ने ससुरालियों के साथ ही अस्पताल प्रबंधन पर लगाए गंभीर आरोप
🔳 ससुराली समय पर पहुंचाते अस्पताल तो बच सकती थी जान
🔳 सुबह कराए उपचार से रिएक्शन का जताया अंदेशा
🔳 प्रशासन ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा नैनीताल
[[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]]]

रामगढ़ ब्लॉक के जौरासी गांव निवासी विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के मामले में नया मोड़ आ गया है। मृतका के भाई ने बहन के ससुरालियों के साथ ही सीएचसी में भी उपचार में लापरवाही किए जाने का आरोप लगा जांच की मांग उठाई है। श्री कैंची धाम तहसील प्रशासन ने मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए नैनीताल भिजवा दिया है। तहसीलदार नेहा टम्टा के अनुसार पीएम रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
जौरासी गांव की हेमा देवी(32) पत्नी प्रकाश चंद्र को बीते गुरुवार रात सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गरमपानी लाया गया जहां चिकित्सकों ने हेमा को मृत घोषित कर दिया। घटना से स्वजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर अस्पताल पहुंचे मृतका के पिता नारायण राम ने बेटी की मौत के लिए ससुराल पक्ष को जिम्मेदार ठहराया। आरोप लगाया की यदि समय रहते बेटी को अस्पताल पहुंचाया गया होता तो शायद बेटी आज जिंदा होती। अस्पताल में हंगामा बढ़ने पर पहुंची खैरना चौकी पुलिस की टीम ने बामुश्किल मामला शांत करवाया। शुक्रवार को तहसीलदार नेहा टम्टा ने शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए नैनीताल भिजवाया। मृतका के छोटे भाई चंद्रशेखर ने ससुरालियों के साथ ही अस्पताल में बहन को उपलब्ध कराए गए उपचार पर भी सवाल उठाए। आरोप लगाया की बहन सुबह ही अस्पताल से उपचार कराकर गांव को वापस लौटी थी। रास्ते में ही उसे उल्टी व दस्त हो गए। ससुराली भी उसे अस्पताल लाने के बजाय घर ले गए। यदि समय पर उसे वापस अस्पताल लाया गया होता तो शायद बहन की जान बच जाती। चंद्रशेखर ने दवाईयों का रिएक्शन होने का भी अंदेशा जता मामले की जांच की मांग उठाई है। सीएचसी की चिकित्सक डा. अभिलाषा पांडे के अनुसार महिला को बेहतर उपचार उपलब्ध कराया गया था। रिएक्शन जैसी कोई बात नही है। रात को महिला को दोबारा अस्पताल लाया गया पर तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत का कारण स्पष्ट होगा।

error: Content is protected !!