🔳 गांव के मुख्य बंदोबस्ती मार्ग पर अतिक्रमण ने रोका ग्रामीणों का रास्ता
🔳 पंचायत भवन तक नहीं पहुंच सके तमाम ग्रामीण
🔳 प्रतिक्षालय में बैठक का लिया गया निर्णय
🔳 अतिक्रमण पर जताई नाराजगी, आंदोलन की चेतावनी
[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]
बेतालघाट ब्लॉक के घोड़ियां हल्सों गांव के मुख्य बंदोबस्ती मार्ग पर अतिक्रमण से गांव की सरकार ने मोटर मार्ग पर बने यात्री प्रतिक्षालय में बैठक कर गांव के विकास की रुपरेखा तैयार की। यात्री प्रतिक्षालय में बैठक होने पर ग्रामीणों ने गहरी नाराजगी जताई। दो टूक कहा की जल्द ही अतिक्रमण नहीं हटाया गया तो आंदोलन का बिगुल फूंक दिया जाएगा।
मंगलवार को घोड़ियां हल्सों गांव में अनोखा नजारा देखने को मिला। ग्राम पंचायत की बैठक मोटर मार्ग पर बने यात्री प्रतिक्षालय में होने से लोगों ने हैरानी जताई। बैठक की अध्यक्षता करते हुए ग्राम प्रधान गणेश चंद्र ने कहा की ग्राम पंचायत के मुख्य बंदोबस्ती मार्ग पर अतिक्रमण होने से गांव में बने पंचायत भवन तक न पहुंच पाने से मजबूरी में यात्री प्रतिक्षालय में बैठक करनी पड़ी। बैठक में गांव की कई समस्याओं पर चर्चा की गई। सर्वसम्मति से कई अहम प्रस्ताव पास किए गए। बैठक में मौजूद ग्रामीणों ने अतिक्रमण हटाए जाने की मांग उठाई। तय हुआ की यदि जल्द अतिक्रमण नहीं हटाया गया तो आंदोलन की रणनीति तैयार की जाएगी। जल्द ही धरना प्रदर्शन पर भी सहमति बनी। इस दौरान सरपंच चारु भंडारी, पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य नवीन कश्मीरा, संजय कश्मीरा, राम सिंह समेत तमाम ग्रामीण मौजूद रहे।
