🔳 जान बचाकर घटना स्थल से निकली चार सदस्यीय टीम
🔳 कंपनी ने बेतालघाट पुलिस से की कार्रवाई की मांग
🔳 शहीद बलवंत सिंह भुजान बर्धो मोटर मार्ग पर चैकिंग को रवाना हुईं थीं टीम
🔳 पिछले कुछ दिनों से छह से अधिक डंपरों पर कंपनी कर चुकी है कार्रवाई
[[[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]]
कोसी घाटी में बगैर रॉयल्टी उपखनिज ढोने वाले डंपरों के खिलाफ ताबड़तोड़ अभियान चला रही कैलाश रिवर टा बैड मिनरल की टीम पर रतौडा क्षेत्र में पथराव से हड़कंप मच गया। छापेमारी में जुटी सचल दल की चार सदस्यीय टीम के सदस्यों ने बामुश्किल भागकर जान बचाई। टीम प्रभारी राजेश के अनुसार मामले की सूचना बेतालघाट पुलिस को दी गई है।
अवैध खनन के लिए कुख्यात कोसी घाटी में अवैध खनन पर अंकुश को श्रीकैंची धाम प्रशासन की टीम के रात के समय छापेमारी व कैलाश रिवर बेड मिनरल्स कंपनी की विशेष टीम भी ताबड़तोड़ चैकिंग अभियान में जुटी हुई है। बीते कुछ दिनों में ही निजी कंपनी ने छह से अधिक डंपरों को बगैर रायल्टी के पकड़ हजारों रुपये तक जुर्माना लगा दिया है। रविवार को भी निजी कंपनी की विशेष टीम शहीद बलवंत सिंह भुजान बर्धो मोटर मार्ग पर चैकिंग अभियान को रवाना हुई। टीम प्रभारी राजेश के अनुसार टीम मोटर मार्ग पर रतौडा क्षेत्र में पहुंची ही थी की एकाएक कुछ लोगों ने टीम के वाहन की घेराबंदी कर हाथों में पत्थर ले हमले पर उतारु हो गए। आरोप लगाया की कुछ लोगों ने पथराव भी किया। टीम के सदस्यों ने कारण जानने की कोशिश भी की पर हमले पर उतारु लोगों ने एक न सुनी। समय रहते टीम के सदस्य जान बचाकर वहां से निकल गए। टीम प्रभारी ने बताया की घटना की सूचना बेतालघाट पुलिस को दे मामले में कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है।




