🔳बच्चों की पढ़ाई में नेटवर्क बने बाधा, बच्चों की खातिर गांव छोड़ रहे लोग
🔳सरकार जनता के द्वार कार्यक्रम में ग्रामीणों ने सुनाई व्यथा
🔳बेतालघाट ब्लॉक के भवाली गांव में लगा विशेष शिविर
🔳कई विभागों के अधिकारियों के न पहुंचने पर पंचायत प्रतिनिधियों ने जताई नाराजगी
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
बेतालघाट ब्लॉक के भवाली गांव में सरकार जनता के द्वार कार्यक्रम के तहत लगे विशेष शिविर में ग्रामीणों ने तमाम समस्याएं उठाई। खासतौर पर गांव में मोबाइल नेटवर्क की समस्या होने पर खाली होते जा रहे गांव पर चिंता व्यक्त की गई। पंचायत प्रतिनिधियों ने आरोप लगाया की दो वर्ष पूर्व मोबाइल टावर स्वीकृत होने के बावजूद कोई प्रगति नहीं हो सकी है। जिस कारण लोग बच्चों की पढ़ाई की खातिर गांव छोड़ने को विवश हो चुके हैं।
गुरुवार को बेतालघाट ब्लॉक के भवाली गांव स्थित पंचायत भवन में सरकार जनता के द्वार कार्यक्रम के तहत विशेष शिविर लगा। ग्रामीणों ने पेयजल संकट का मुद्दा जोर शोर से उठाया। वहीं मोबाइल नेटवर्क की समस्या से गांव में तेज़ी से हो रहे पलायन पर चिंता व्यक्ति की गई। पूर्व ग्राम प्रधान दिनेश बिष्ट ने कहा कि दो वर्ष पूर्व गांव में बीएसएनल टावर को स्वीकृति भी मिल चुकी है बावजूद अब तक कोई भी प्रक्रिया शुरू नहीं हुई है। मोबाइल नेटवर्क ना होने से लोग तेजी से गांव छोड़ रहे हैं। गांव में स्थित विद्यालयों में भी छात्र संख्या घटती जा रही है। लोगों को फोन पर बात करने के लिए भी दूर दराज रुख करना पड़ता है। गांव में शीघ्र मोबाइल टावर लगाए जाने की मांग उठाई गई। ग्राम प्रधान ज्योति बिष्ट ने कहा कि गांव चारों ओर से पहाड़ी से गिरा है। घाटी में होने से बरसात के दिनों में बरसात का पानी गांव में घुसता है जिससे भारी नुकसान उठाना पड़ता है। वन तथा कृषि विभाग से गांव में सुरक्षा कार्य करवाए जाने की मांग उठाई। लोनिवि, उद्यान, विद्युत, पेयजल निगम के अधिकारियों के शिविर में न पहुंचने पर नाराजगी व्यक्त की गई। शिविर में मौजूद विभागीय अधिकारियों ने योजनाओं की जानकारी दें लाभ उठाने का आह्वान किया। तहसीलदार मनीषा मारकाना ने समस्याओं के समाधान का भरोसा दिलाया। अधिकारियों को भी समस्याओं के समाधान को गंभीरता बरतने के निर्देश दिए। इस दौरान क्षेत्र पंचायत सदस्य करन चिलवाल, पूर्व ग्राम प्रधान हर्ष नेगी, खीम सिंह, नैन सिंह बिष्ट, ममता बिष्ट, इंदिरा देवी, पुष्पा देवी आदि मौजूद रहे।




