🔳 हल्द्वानी रोडवेज स्टेशन में अज्ञात युवक ने झांसे में लिया
🔳 ज्योलिकोट क्षेत्र से एटीएम से निकलवाए दस हजार रुपये
🔳 हाईवे पर छड़ा बाजार में छोड़कर हो गया फरार
🔳 परेशान युवक की आपबीती सुन व्यापारी ने मदद को बढ़ाए हाथ
[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]
बड़े भाई की अंत्येष्टि के बाद अस्थि विसर्जन को राजस्थान से अपने गांव की ओर रवाना हुआ युवक ठगी का शिकार हो गया। हल्द्वानी रोडवेज स्टेशन से अज्ञात युवक ने उसे झांसे में लेकर दस हजार रुपये की ठगी कर दी। अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर छड़ा बाजार क्षेत्र में पहुंचकर ठग उसे छोड़कर फरार हो गया। स्थानीय लोगों को परेशान युवक ने आपबीती बताई तो हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने पहाड़ के लोगों को ठगने वाले ठगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई है।
पूना, महाराष्ट्र में गरुड़ (बागेश्वर) निवासी ललित प्रसाद निजी कंपनी में कार्यरत हैं। बीते दिनों उसके बड़े भाई हरीश कुमार का राजस्थान में निधन हो गया। राजस्थान में ही बड़े भाई की अंत्येष्टि के बाद उनकी अस्थियों को विर्सजित करने को ललित बीते रोज अपने गांव गरुड़ को रवाना हुआ। बुधवार को हल्द्वानी बस स्टेशन पर पहुंचने के बाद एक अज्ञात युवक ने खुद को गरुड़ निवासी बताकर ललित को विश्वास में ले लिया। बाइक से गरुड़ चलने की बात कही पर ललित ने मना कर दिया पर युवक के जोर डालने पर ललित अज्ञात युवक के साथ बाइक पर सवार होकर गरुड़ की ओर रवाना हो गया। ज्योलिकोट पहुंचने पर अज्ञात युवक ने ललित को भरोसे में लेकर उससे एटीएम के जरिए दस हजार रुपये निकलवा लिया। दोपहर में हाइवे पर छड़ा बाजार पहुंचने पर अज्ञात युवक ने ललित से चाय पीने की बात कही तथा दुकान में बैठाकर बाइक में तेल भराने की बात कहकर फरार हो गया। काफि देर बाद भी जब युवक नहीं लौटा तो परेशान ललित को ठगी का अहसास हुआ। उसने स्थानीय व्यापारियों को आपबीती सुनाई। युवक को परेशानी देख व्यापारी विरेन्द्र सिंह बिष्ट ने ललित को गरुड़ तक का किराया दिया तथा अस्थि विसर्जन के बाद वापस लौटकर पुलिस को तहरीर सौंपने की बात कही। स्थानीय लोगों ने पहाड़ के भोले-भाले लोगों को हल्द्वानी रोडवेज स्टेशन में झांसे में लेकर ठगी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई है। ठगी का शिकार हुए ललित ने भी गांव से लौटकर पुलिस को तहरीर सौंपने की बात कही है।
