🔳 राजस्व चोरी रोकने को खनन विभाग ने उठाया कदम
🔳 भुजान क्षेत्र में चैक गेट स्थापित करने का कार्य शुरु
🔳 स्कैनर से उपखनिज की राॅयल्टी व मात्रा की स्थिति होगी स्पष्ट
🔳 खनन सत्र शुरु होने के साथ ही काम करने लगेगा चैक गेट
[[[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]]]]]
कोसी घाटी में अवैध खनन पर शिकंजा कसने व राजस्व चोरी रोकने को खनन विभाग ने तैयारी शुरु कर दी है। बकायदा शहीद बलवंत सिंह भुजान बर्धो मोटर मार्ग पर भुजान के समीप निगरानी को चैक गेट स्थापित करने की कवायद तेज कर दी गई है। उपखनिज से लदे वाहन चैक गेट पर लगे हाईटेक स्कैनर से स्कैन होने के बाद ही आगे बढ़ सकेंगे। वाहन के गेट पर पहुंचने के साथ ही उपखनिज की राॅयल्टी की स्पष्ट जानकारी के साथ ही व वाहन में लदे उपखनिज की मात्रा भी स्पष्ट हो जाएगी।
अवैध खनन के लिए कुख्यात कोसी घाटी में वैध की आड़ में होने वाले अवैध खनन पर रोक लगाने व बगैर राॅयल्टी के उपखनिज लेकर दौड़ने वाले डंपरों पर कार्रवाई को पुलिस प्रशासन व खनन विभाग समय समय पर अभियान चलाया है बावजूद अवैध खनन में लिप्त तस्कर कोसी नदी से उपखनिज निकाल बगैर राॅयल्टी ठिकाने लगाने में जुटे रहते हैं जिससे सरकार को राजस्व का खाना नुकसान होता है। अवैध खनन पर अंकुश व प्रभावी कार्रवाई को खनन विभाग ने बीते वर्ष से एक निजी कंपनी से अनुबंध भी किया है। अब निगरानी बढ़ाने को शहीद बलवंत सिंह भुजान बर्धो मोटर मार्ग पर भुजान क्षेत्र में चैक गेट स्थापित करने की तैयारी भी शुरु कर दी गई है। कार्यदाई संस्था के श्रमिक गेट स्थापित करने को जोर शोर से जुटे हुए हैं। उम्मीद है की खनन सत्र में गेट संचालित कर दिया जाएगा। गेट में लगे स्कैनर से उपखनिज से लदे वाहन स्कैन होने के बाद ही आगे बढ़ सकेंगे। गेट में लगे हाईटेक स्कैनर से वाहन में लदे उपखनिज की राॅयल्टी की जानकारी स्पष्ट हो सकेगी। राॅयल्टी न होने पर स्कैनर विशेष संदेश देगा। जिला खनन अधिकारी राजवीर सिंह के अनुसार खनन सत्र शुरु होने तक चैक गैट स्थापित करने का प्रयास किया जा रहा है। चैक गेट से राजस्व चोरी पर अंकुश लग सकेंगा।
