◾नवीं पुण्यतिथि पर याद किए गए शहीद खेम चंद्र डोर्बी
◾जाबांज के माता पिता को शाल ओढ़ाकर किया गया सम्मानित
◾भारत माता जयकारों से गुंजायमान हुई कोसी घाटी
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
ब्लॉक मुख्यालय स्थित शहीद खेम चंद्र डोर्बी राजकीय महाविद्यालय में शहीद खेम चंद्र की नवीं पुण्यतिथि पर विभिन्न कार्यक्रम हुए। शहीद के माता पिता को सम्मानित किया गया। क्षेत्रवासियों ने बलिदानी सपूत के पदचिन्हों पर चलने का संकल्प लिया। भारत माता के जयकारों से समूचा क्षेत्र गुंजायमान हो उठा।
बुधवार को महाविद्यालय परिसर में पंचायत प्रतिनिधियों व व्यापारियों ने शहीद खेम चंद्र डोर्बी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। वक्ताओं ने शहीद खेम चंद्र के जीवन पर प्रकाश डाला। शहीद के भाई रंजन डोर्बी ने कहा की खेम ने देशसेवा में अपने प्राण न्यौछावर कर दिए। नौ वर्ष पूर्व खेम जम्मू कश्मीर के पुलवामा जनपद में रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान शहीद हो गए। कार्यक्रम में पहुंचे शहीद के पिता लीलाधर डोर्बी तथा माता भवानी देवी को व्यापारी नेता तारा भंडारी ने शाल ओढ़ाकर सम्मानित किया। सर्वसम्मति से तय हुआ की जल्द शहीद के नाम पर समिति गठित कर सामाजिक कार्यों में बढ़-चढ़कर कर भागीदारी की जाएगी। बलिदानी सपूत के पदचिन्हों पर चलने का संकल्प भी लिया गया। इस दौरान महाविद्यालय प्राचार्य इप्सिता सिंह, जिला पंचायत सदस्य मंजू आर्या, व्यापार मंडल अध्यक्ष बालम सिंह बोहरा, छात्र संघ अध्यक्ष मोहित पंत, शंकर जोशी, जगमोहन सिंह बिष्ट, कुलवंत सिंह जलाल, राजेंद्र पांडे, संजय बोहरा, कीर्ति बल्लभ जोशी, शेखर फुलारा आदि मौजूद रहे।
