◾अतिक्रमणकारियों पर लगाया रास्ते के अस्तित्व को समाप्त करने का आरोप
◾उपजिलाधिकारी कोश्या कुटोली को ज्ञापन सौंप उठाई कार्रवाई की मांग
◾ अतिक्रमण न हटाए जाने पर तहसील मुख्यालय में धरने का किया ऐलान
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))

अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे से बेतालघाट ब्लॉक के डोबा गांव को जाने वाले रास्ते से अतिक्रमण हटाने जाने का मुद्दा जोर पकड़ गया है। पंचायत प्रतिनिधियों व ग्रामीणों ने उपजिलाधिकारी कोश्या कुटोली को ज्ञापन सौंप वर्षों पुराने गांव के रास्ते से अतिक्रमण हटाए जाने की मांग की है। आरोप लगाया है की अतिक्रमण के कारण गांव का रास्ता सिकुड़ता जा रहा है। चेताया है कि जल्द रास्ते को अतिक्रमण से मुक्त नहीं किया गया तो फिर गांव के लोग तहसील मुख्यालय में धरना शुरु करेंगे।
बुधवार को डोबा गांव के बाशिंदे ग्राम प्रधान कमला देवी तथा क्षेत्र पंचायत सदस्य दीपा बिष्ट की अगुवाई में तहसील कोश्या कुटोली जा धमके। उपजिलाधिकारी पारितोष वर्मा को ज्ञापन सौंप बताया की हाइवे पर स्थित देवी मंदिर से गांव की आवाजाही को वर्षों पुराना पैदल रास्ता है। इसी रास्ते से गांव के लोग आवाजाही करते आ रहे है‌ किसान उपज को इसी रास्ते से हाइवे पर पहुंचाते हैं। निर्माण सामग्री, रश्द आदि भी इसी रास्ते से गांव पहुंचाई जाती है। पहले रास्ता 18 से 20 फिट चौड़ा था पर धीरे धीरे अतिक्रमण ने रास्ता निगल लिया है अब रास्ते की चौड़ाई महज तीन से चार फीट ही शेष रह गई है। कई बार आवाज उठाए जाने के बावजूद अतिक्रमणकारी मनमानी पर आमादा है। लगातार रास्ते की चौड़ाई कम होने से अब वर्षों पुराने रास्ते का अस्तित्व समाप्त होने का अंदेशा बढ़ता ही जा रहा है। पंचायत प्रतिनिधियों व ग्रामीणों ने गांव के सबसे पुराने रास्ते से अतिक्रमण हटाने की पुरजोर मांग उठाई है। दो टूक चेतावनी भी दी की यदि जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो फिर गांव के वाशिंदे तहसील मुख्यालय में ही धरने पर बैठने को विवश हो जाएंगे। इस दौरान नारायण सिंह बिष्ट, शिवराज सिंह बिष्ट, कौस्तुब चंद्र, सुनीता देवी, हरेंद्र सिंह, राजेंद्र सिंह, भगवत सिंह, मीना देवी, कुंदन सिंह, विजय सिंह, रेखा देवी, आंनदी देवी, इन सिंह, कमला देवी, राजेंद्र सिंह, डीएस बिष्ट, ललित बिष्ट, प्रदीप सिंह, अनुप राम आदि मौजूद रहे।

error: Content is protected !!