🔳 आपूर्ति सुचारु होने से चार सौ उपभोक्ताओं को मिली राहत
🔳 पेयजल निगम ने विद्युत विभाग से संपर्क साध जुड़वाया कनेक्शन
🔳 25 लाख रुपये बकाया है योजना का विद्युत बिल
🔳 बिल का भुगतान लटकने से विद्युत विभाग ने काटा था कनेक्शन
🔳 पेयजल निगम ने योजना के संचालन को शुरु की कवायद
[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]
बेतालघाट क्षेत्र के सैकड़ों परिवारों को पेयजल उपलब्ध कराने वाली चापड़ पेयजल पंपिंग योजना से आपूर्ति सुचारु होने से बेतालघाट मुख्य बाजार समेत आसपास के सैकड़ों उपभोक्ताओं ने राहत की सांस ली है। 24 लाख रुपये का बिल बकाया होने से विद्युत विभाग ने योजना का कनेक्शन काट दिया था। हरकत में आए पेयजल निगम के अधिकारियों ने विद्युत विभाग के अधिकारियों से संपर्क साध जनहित को ध्यान में रख फिलहाल आपूर्ति सुचारु करा दी है।
करोड़ों रुपये की लागत से बनकर तैयार हुई महत्वपूर्ण चापड़ पंपिंग पेयजल योजना के कर्ज के दलदल में फंसने से बेतालघाट, चापड व आसपास के करीब चार सौ परिवारों को पेयजल उपलब्ध कराने वाली योजना से तीन दिन से आपूर्ति ठप पड़ने से लोगों को तमाम परेशानियों से जूझना पड़ रहा था। बाजार क्षेत्र के होटल व्यवसाई भी परेशान हो गए थे। पेयजल संकट गहराने से स्थानीय लोग दूरदराज से पानी ढोने को मजबूर हो गए। बूंद बूंद पानी को हाहाकार मचने से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। क्षेत्रवासियों ने पेयजल निगम के अधिकारियों से संपर्क साधा। अधिकारियों ने योजना निर्माण के बाद ग्राम पंचायत को हस्तांतरित करने का हवाला दिया। बताया का दो वर्ष से बिल का भुगतान न होने से विद्युत कनेक्शन काट दिया गया है। देवभूमि व्यापार मंडल अध्यक्ष तारा भंडारी ने विभागीय अधिकारियों से हर हाल में आपूर्ति सुचारु किए जाने की मांग की। अनदेखी पर आंदोलन का ऐलान कर दिया। आनन फानन में पेयजल निगम ने विद्युत वितरण से संपर्क साध फिलहाल कनेक्शन जुड़वा क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति सुचारु करा दी है। आपूर्ति सुचारु होने पर चार सौ उपभोक्ताओं ने राहत की सांस ली है। पेयजल निगम की अधिशासी अभियंता पल्लवी चौधरी के अनुसार ग्राम पंचायत से संचालन नहीं हो पा रहा है। योजना को पेयजल निगम ही संचालित करें इसके लिए विभागीय स्तर पर कार्रवाई शुरु कर दी गई है। लंबित विद्युत बिल के निस्तारण को भी प्रयास किया जाएगा।
