🔳 नौनिहाल जान हथेली पर रख नाप रहे स्कूल की दूरी
🔳 विद्यालय पहुंचने को कोसी नदी पार करना बनी नियति
🔳 सरकारी राशन तक के लिए ग्रामीण चौदह किमी सफर को मजबूर
🔳 गांव का पंचायत भवन खंडहर में तब्दील, स्कूल में कक्षा कक्षों का अभाव
[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]

बेतालघाट ब्लॉक के तल्ली सेठी ग्राम पंचायत मे समस्याओं का अंबार लगा हुआ है। मूलभूत सुविधाओं के अभाव से गांव के लोग परेशान है। स्कूली शिक्षा के लिए भी नौनिहालों को जान जोखिम में डाल आवाजाही करनी पड़ रही है। गांव के लोग सरकारी राशन तक के लिए चौदह किलोमीटर का सफर तय करने को मजबूर हैं। ग्राम पंचायत भवन खंडहर में तब्दील हो चुका है लदासी तोक के दो दर्जन से अधिक परिवार सड़क सुविधा से आज भी वंचित हैं। विद्यालय में समुचित कक्षा कक्ष उपलब्ध न होने से हाल नुमा कक्ष में एक साथ कई कक्षाओं का संचालन हो रहा है। गांवों में विकास के ढोल तो खूब पीटे जाते हैं पर तल्ली सेठी गांव के हालात बड़े बड़े दावों की पोल खोल रहे हैं। जागरण टीम ने गांव के हालातों का जायजा लिया तो एक साथ तमाम समस्याएं सामने आई तथा गांव के लोगों उपेक्षा पर गहरी नाराजगी भी जताई।

स्कूली नौनिहाल जान हथेली पर रख पहुंचते हैं स्कूल

तल्ली सेठी ग्राम पंचायत के तोक जमीरा से रोजाना एक दर्जन नौनिहाल जान हथेली पर रख कोसी नदी को पार कर ओखलढुंगा व डोन परैवा स्थित विद्यालय पहुंचकर प्राथमिक शिक्षा ग्रहण करने को मजबूर हैं। विडंबना ऐसी की ग्रामीणों के लगातार झूला पुल की मांग उठाए जाने के बावजूद आज तक सुध नहीं ली जा सकी है। बरसात में बच्चों की जिंदगी पर खतरा कई गुना बढ़ जाता है। इन दिनों कड़ाके की ठंड में बच्चे सुबह व शाम कोसी नदी को पार करने को मजबूर हैं।

सरकारी राशन के लिए चौदह किलोमीटर की यात्रा मजबूरी

गांव के लोगों के लिए समस्याएं मुसीबत बन चुकी है। गांव के लोग सरकारी राशन के लिए भी करीब चौदह किलोमीटर की यात्रा करने को मजबूर हैं। प्रतिमाह राशन के लिए ग्रामीण वाहन बुक कर वाया अमेल होते हुए तल्ली सेठी पहुंचते हैं। वाहन किराए की अदायगी में सरकारी राशन के लिए बाजार मूल्य से भी अधिक कीमत चुकानी पड़ती है। कोसी नदी पर झूला पुल निर्माण से ग्रामीण आसानी से सस्ता गल्ला की दुकान तक पहुंच सकते हैं।

सड़क सुविधा से वंचित लदासी गांव के ग्रामीण

ग्राम पंचायत के लदासी तोक में रहने वाले दो दर्जन से भी अधिक परिवार सड़क सुविधा से वंचित होने के कारण तमाम समस्याओं से जूझ रहे हैं। मुख्य सड़क से महज दो किमी सड़क निर्माण न होने से गांव विकास की मुख्य धारा से अलग-थलग पड़ा है। गांव के किसान भी सड़क सुविधा न होने का खामियाजा उठा रहे हैं। किसान सिर पर उपज को रख मुख्य सड़क तक पहुंचाने को मजबूर हैं।

पंचायत भवन खंडहर, इंटर कॉलेज में कक्षा कक्षों का टोटा

तल्ली सेठी ग्राम पंचायत का पंचायत भवन देखरेख व जिम्मेदारों की अनदेखी से खंडहर में तब्दील हो चुका है‌। ग्राम पंचायत की बैठक भी खुले आसमान के नीचे होती है बावजूद आजतक सुध नहीं ली जा सकी है। वहीं राजकीय इंटर कॉलेज में अच्छी खासी छात्र संख्या के बावजूद कक्षा कक्षों का संकट बना हुआ है। मजबूरी में एक हालनुमा कक्ष में अलमारियों से विभाजित कर कई कक्षाओं का संचालन किया जा रहा है।

बोले ग्रामीण

विकास के नाम पर धोखा किया जा रहा है। तमाम समस्याएं सामने है पर समाधान को गंभीरता से प्रयास नहीं किए जा रहे। दावों तथा वादों से काम नहीं चलेगा। धरातल पर काम होने से ही गांवों में समस्याओं का समाधान होगा। जल्द सुध नहीं ली गई तो जनांदोलन ही एकमात्र रास्ता है।
प्रताप कुमार, ग्राम प्रधान, मल्ली सेठी।

गांव कई समस्याओं से घिरा है। बच्चे रोजाना खतरे का सामना कर स्कूल जा रहे हैं इससे बड़ी विडंबना क्या होगी। सुविधाओं का अकाल ही गांवों से हो रहे पलायन का मुख्य कारण बनता जा रहा है।
भैरव नाथ, स्थानीय

गांव के पंचायत भवन की खस्ताहालत होना गंभीर सवाल खड़ा करता है। जिम्मेदार अफसर गांव के विकास को कितना गंभीर है। यह पंचायत भवन की दुर्दशा साफ बता रही हैं। गांवों की लगातार उपेक्षा की जा रही है।
चंदन नाथ, स्थानीय किसान

समस्या एक हो तो बताए। जंगली जानवरों से खेती चौपट हो चुकी है। पशुपालन का कार्य गुलदार के आंतक से प्रभावित होता जा रहा है। बच्चों की पढ़ाई के लिए विद्यालय में कमरे तक नहीं है। कठिनाई व परेशानी हमारी नियति बन चुकी है।
पुष्पा देवी, स्थानीय

एसडीएम ने कहा

मल्ली सेठी ग्राम पंचायत की समस्याओं के समाधान को विस्तृत जानकारी जुटाई जाएगी। कोसी नदी पर झूला पुल निर्माण के लिए संबंधित विभाग को पत्राचार किया जाएगा। प्रयास करेंगे की गांव की समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान किया जा सके।
मोनिका, एसडीएम, श्री कैंची धाम तहसील

error: Content is protected !!