🔳सिंचाई का संकट व जंगली जानवरों का आंतक पड़ रहा भारी
🔳तीन वर्षों से छोड़ दी सब्जियों की खेती
🔳कभी सब्जियों की बंपर पैदावार के लिए थी पहचान
🔳आज खेतों में सब्जियों की जगह झाड़ियों का हो चुका कब्जा
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
गांव में खेती-बाड़ी लगातार चौपट होती जा रही है कभी सब्जियों की बंपर पैदावार के लिए पहचान रखने वाले गांवो के काश्तकार आज बाजार से सब्जी खरीदने को मजबूर हो चुके हैं। सिंचाई के लिए पानी न मिलने तथा जंगली जानवरों के आंतक से पिछले तीन वर्षों से किसानों ने सब्जी उत्पादन से मुंह मोड़ लिया है। कभी सब्जी की पैदावार से लहलहाने वाले उर्वर खेतों पर आज झाड़ियों का कब्जा हो चुका है।
गांवो में खेतीबड़ी ही आय का एकमात्र जरिया है। किसान हाड़तोड़ मेहनत कर रहे पर जंगली जानवर मेहनत पर पानी फेर दे रहे हैं। बेतालघाट ब्लॉक के तमाम गांवों में तो पिछले तीन वर्षों से किसानों ने सब्जी उत्पादन ही छोड़ दिया है। सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध न होने से खेत बंजर हो चुके हैं। ब्लॉक के तिवाड़ी गांव, डंडेसारी, टगूयूडा बडा़, तल्ली पाली, पहनाकोट, रौलिया गांव, राशेरा आदि गांवों में कभी आलू, प्याज, गोभी, मिर्च, बीन,मटर की बंपर पैदावार होती थी। उपज रामनगर व हल्द्वानी की बड़ी मंडियों तक भी भेजी जाती पर आज किसान खुद का पेट भरने के लिए बाजार से सब्जियां खरीदने को मजबूर हो चुके हैं। स्थानीय पीताम्बर दत्त, लीलाधर खंडूरी, महेश चंद्र करगेती, विजय खंडूरी, हरीश राम, हयात सिंह आदि के अनुसार सब्जी उत्पादन न होने से खेतों में झाड़ियां उग चुकी है। खेती-बाड़ी चौपट होने से किसान मायूस भी है।




