🔳रतौडा गांव स्थित देवी मंदिर में श्रीमद् देवी भागवत कथा का श्रीगणेश
🔳विशेष मंत्रोच्चार के बीच पूरे किए गए धार्मिक अनुष्ठान
🔳 महिलाओं ने पारंपरिक परिधानों में निकाली भव्य कलश यात्रा
🔳कथा सुनने को आसपास के गांवो से उमड़ा आस्था का सैलाब
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
जीवनदायिनी कोसी नदी के तट पर स्थित देवी मंदिर में विधी विधान से पूजा अर्चना व विशेष मंत्रोच्चार के बीच सपाद्लक्ष्य हवनात्मक यज्ञ व श्रीमद् देवी भागवत नवाह्न ज्ञान यज्ञ का श्रीगणेश हो गया। गांव की महिलाओं ने मां भगवती के जयकारों के बीच पारंपरिक परिधानों में कलश यात्रा निकाली। कथा व्यास आचार्य चंद्रशेखर त्रिपाठी ने श्रद्धालुओं से सच्चे मन से कथा श्रवण का आह्वान किया। देर शाम तक भजन कीर्तनों का दौर जारी रहा।
बुधवार को बेतालघाट ब्लॉक के रतौडा गांव में स्थित देवी मंदिर में धर्माचार्यों आंनद बल्लभ शास्त्री ने यजमान धन सिंह मेहरा, पूरन सिंह, ईश्वर सिंह, धन सिंह दरमाल, चंदन सिंह से विधी विधान से धार्मिक अनुष्ठान पूरे कराए। महिला श्रद्धालुओं ने कौशल्या नदी से जल भरकर गांव में भव्य कलश यात्रा निकाली। मां भगवती के जयकारों से समूचा माहौल भक्तिमय हो गया। कथा व्यास आचार्य चंद्रशेखर त्रिपाठी ने कथा पाठ करते हुए ईश्वर की लीलाओं का वर्णन किया। बताया की श्रीमद् देवी भागवत कथा सुनने मात्र से ही तमाम कष्टों का निवारण हो जाता है साथ ही जिस स्थान पर कथा होती है वह क्षेत्र तमाम आपदाओं से मुक्त रहता है। श्रद्धालुओं से सच्चे मन से भगवान का स्मरण करने का आह्वान किया। बताया की सच्चे मन से की गई प्रार्थना को भगवान स्वीकार करते हैं तथा भक्त को मनोवांछित फल की प्राप्ति होती है। कथा सुनने को नैनीचैक, घंघरेठी, बेतालघाट, आमबाडी, तिवाड़ी गांव, बर्धो, बड़ेरी, सिमलखा, मल्ला गांव, बसगांव समेत आसपास के गांवों से सैकड़ों भक्त मंदिर पहुंचे। भजन मंडली ने शानदार भजनों की प्रस्तुति दे श्रद्धालुओं को थिरकने पर मजबूर कर दिया। 23 मई को हवन, पूर्णाहुति व महाआरती के बाद भंडारा लगेगा। आयोजन समिति सदस्यों ने क्षेत्रवासियों से कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।




