🔳 तीन करोड़ रुपये की सिंचाई योजना से नसीब नहीं हुई पानी की बूंद
🔳 जल जीवन मिशन योजना के हालात भी खराब
🔳 स्वास्थ्य सुविधा के लिए भी मीलों का सफर मजबूरी
🔳 गांव के रास्ते तक बदहाल, जान हथेली पर रख ग्रामीण कर रहे आवाजाही
[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]]

बेतालघाट ब्लॉक के मल्ला गांव ग्राम पंचायत में तमाम समस्याओं से थे ग्रामीण परेशान है। तीन करोड़ रुपये से भी अधिक की लागत से बनी सिंचाई योजना से सिंचाई तो दूर पानी की बूंद तक नसीब नहीं हो रही। जल जीवन मिशन योजना भी खस्ताहाल पड़ी है। गांव में आय का एकमात्र जरिया खेतीबाड़ी के अस्तित्व पर भी जंगली जानवरों के आंतक से संकट मंडरा रहा है। स्वास्थ्य सुविधा के लिए गांव से दो किमी की दूरी पर स्थित ऊंचाकोट स्वास्थ्य केंद्र में सुविधाएं उपलब्ध न होने से ग्रामीण मीलों का सफर तय करने को मजबूर हैं। पहाड़ जैसी समस्याओं से जूझ रहे मल्ला गांव के ग्रामीण समस्याओं के समाधान न होने से मायूस हैं। जागरण टीम ने गांव के हालातों का जायजा लिया तो एक साथ तमाम समस्याएं सामने आई तथा गांव के लोगों ने उपेक्षा पर गहरी नाराजगी भी जताई।

तीन करोड़ रुपये से अधिक खर्च बावजूद सिंचाई को तरस रहे किसान

वर्ष 2018 में मल्ला गांव समेत आसपास के क्षेत्रों के किसानों के खेतों तक सिंचाई का पानी पहुंचाने को तीन करोड़ रुपये से भी अधिक के बजट से लघु सिंचाई विभाग ने योजना का निर्माण करवाया पर महज लोकार्पण के दिन ही पानी की आपूर्ति होने के बाद से आज तक किसानों को सिंचाई का पानी नसीब नहीं हो सका है। किसान आसपास के स्रोतो से पानी ढोकर खेतों में सिंचाई को मजबूर हैं। करोड़ों रुपये की योजना के सफेद हाथी बन जाने से किसानों में गहरा रोष भी व्याप्त है।

जल जीवन मिशन योजना से भी नसीब नहीं हो रहा पानी

ग्राम पंचायत में करोड़ों रुपये के बजट से जल जीवन मिशन योजना के तहत पेयजल योजना का निर्माण तो कर दिया गया पर बरसात में योजना के जगह जगह आपदा से क्षतिग्रस्त होने से आपूर्ति ठप है। ग्रामीण की बार योजना को दुरुस्त किए जाने की मांग भी उठाई चुके हैं बावजूद कोई सुधलेवा नहीं है। जिम्मेदारों की उपेक्षा का खामियाजा गांव के लोग भुगतने को मजबूर हैं।

खेतीबाड़ी के अस्तित्व पर संकट मंडराने से किसान चिंतित

गांव में आय का एकमात्र साधन खेतीबाड़ी है। अधिकांश परिवार खेतीबाड़ी पर निर्भर होकर जीवन व्यापन कर रहे हैं पर जंगली जानवरों का बढ़ता आंतक गांव के लोगों के लिए बड़ी चिंता बन गया है। जंगली सूअरों का झुंड खेतों को रौंद उपज को बर्बाद कर दे रहे हैं। खेती बचाने को तारबाड़ की व्यवस्था न होने से लगातार खेत बंजर होते जा रहे हैं। नुकसान के कारण गांव के लोगों का खेतीबाड़ी से मोहभंग होता जा रहा है।

स्वास्थ्य सुविधा के लिए मीलों का सफर तय करना मजबूरी

मल्ला गांव से दो किमी की दूरी पर स्वास्थ्य केंद्र स्थित है पर सुविधाओं का अकाल होने से गांव के लोग दस किलोमीटर दूर पहुंचते हैं पर सीएचसी बेतालघाट में भी बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध न होने से ग्रामीणों को हल्द्वानी, रामनगर, काशीपुर आदि शहरों को रुख करना मजबूरी बन चुकी है। खासतौर पर गर्भवती महिलाओं को सबसे ज्यादा परेशानियों का सामना करना पड़ता है।

गांव के रास्ते तक बदहाल, जिम्मेदार अनजान

गांव के पैदल रास्ते तक बदहाल स्थिति में है। स्कूली बच्चों व गांव के लोगों को परेशानी का सामना कर बदहाल रास्तों पर आवाजाही करनी पड़ रही है। गांव की उपेक्षा से लोगों में गहरी नाराजगी है। विकास का ढोल पीटने वालों को गांव के रास्ते मुंह चिढ़ा रहे हैं बावजूद सुध नहीं ली जा रही।

शिक्षकों की मांग, जिम्मेदार नहीं सुन रहे कान

गांवों के लोग लंबे समय से राजकीय प्राथमिक विद्यालय व इंटर कॉलेज में शिक्षकों की तैनाती की मांग उठा रहे हैं पर शिक्षा विभाग के अधिकारी अनसुनी पर आमादा है। जीआइसी लंबे समय से प्रभारी प्रधानाचार्य के भरोसे संचालित है। स्थाई प्रधानाचार्य की तैनाती की मांग उठने के बाद भी आज तक जीआइसी को स्थाई प्रधानाचार्य नसीब नहीं हो रहा।

बोले पंचायत प्रतिनिधि व ग्रामीण

गांव में तमाम समस्याएं है पर समाधान को गंभीरता से प्रयास नहीं किए जा रहे। लगातार मांग उठाए जाने के बावजूद अनदेखी की जा रही है। गांव की उपेक्षा कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जरुरत पड़ी तो आंदोलन करेंगे।


शीला बधानी, ग्राम प्रधान, मल्ला गांव

गांव समस्याओं से घिरा है। बेहतर स्वास्थ्य सुविधा का अभाव है। खेतीबाड़ी पर संकट मंडरा रहा है। खेती बचाने को तारबाड़ की मांग उठाई गई है। ठोस उपाय नहीं किए गए तो किसानों को साथ लेकर आंदोलन की रुपरेखा तैयार करेंगे।


अजय राघव, क्षेत्र पंचायत सदस्य

तीन करोड़ रुपये से अधिक की सिंचाई योजना से एक बूंद पानी नसीब नहीं हो सका। यदि योजना को दुरुस्त किया जाएगा तो मल्ला गांव समेत आसपास के करीब आठ सौ किसानों को लाभ मिलेगा। जल जीवन मिशन योजना भी खस्ताहाल है। गांव के लोग समस्याओं से घिरे पड़े हैं।


गणेश बधानी, स्थानीय

समस्या अनगिनत है। जंगली जानवरों से खेती चौपट हो चुकी है। पशुपालन का कार्य गुलदार के आंतक से प्रभावित होता जा रहा है। कठिनाई व परेशानी हमारी किस्मत बन चुकी है।
जय बल्लभ बधानी, स्थानीय

बोले – बीडीओ

गांव की समस्याओं के समाधान को हर संभव प्रयास किए जाएंगे। ठप पड़ी योजनाओं को संचालित करने को विभागों से पत्राचार करेंगे। पंचायत प्रतिनिधियों व ग्रामीणों से समन्वय स्थापित कर सदस्यों का समाधान करेंगे।
पंकज जोशी, बीडीओ, बेतालघाट

error: Content is protected !!