🔳 हजारों की आबादी निर्भर पर विशेषज्ञ चिकित्सक एक भी नहीं
🔳 अल्ट्रासाउंड सेवा न होने से गर्भवती महिलाएं भी परेशान
🔳 प्रसव पीड़ा में कोसो की दूरी नापना मजबूरी
🔳 क्षेत्रवासी कई बार नेताओं व अफसरों से लगा चुके गुहार बावजूद नहीं हो रही सुनवाई
[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]
अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे तथा दर्जनों गांवों के मध्य में स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सुयालबाड़ी में विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती न होने तथा अल्ट्रासाउंड सेवा उपलब्ध न होने गर्भवती महिलाएं प्रसव पीड़ा में भी कोसों किलोमीटर का सफर तय करने को मजबूर हैं। जनप्रतिनिधि व ग्रामीण लंबे समय से मांग भी उठाते रहे हैं बावजूद सुनवाई नहीं हो पा रही। विशेषज्ञों की तैनाती के नाम पर क्षेत्र के लोगों को महज आश्वासनों का पुलिंदा ही मिल रहा है।अतिमहत्वपूर्ण मानी जाने वाली स्त्री रोग तथा बाल रोग विशेषज्ञ की तैनाती न होने का खामियाजा गर्भवती महिलाओं को भुगतना पड़ रहा है। महत्वपूर्ण अस्पताल का दर्जा होने के बाद भी अस्पताल रेफर सैंटर के नाम से जाना जाता है। हाईवे पर होने वाली दुर्घटनाओं में घायल लोगों को भी उपचार के लिए सीएचसी ले जाया जाता है पर प्राथमिक उपचार के बाद घायलों को रेफर करना ही अस्पताल की प्राथमिकता बन चुकी है।
विशेषज्ञ चिकित्सक एक भी नहीं, पैरामेडिकल स्टाफ की है समुचित तैनाती
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में नियमानुसार विशेषज्ञ चिकित्सकों समेत नौ चिकित्सकों तथा समुचित पैरामेडिकल स्टाफ व लैब टैक्नीशियन की तैनाती का प्रावधान है पर सीएचसी सुयालबाड़ी में वर्तमान में पांच चिकित्सक तैनात हैं पर विशेषज्ञ एक भी नहीं। तीन चिकित्सक मेडिकल डिग्री के लिए बाहर है। पैरामेडिकल स्टाफ के समुचित पदों पर स्वास्थ्य कर्मी तैनात है। अस्पताल में पैथोलॉजी की सुविधा के साथ ही आपातकालीन सेवा 108 का वाहन उपलब्ध है।
प्रसव पीड़ा में अल्ट्रासाउंड को पचास किमी से अधिक की दूरी नापना मजबूरी
तमाम गांवों के मध्य में स्थित सीएचसी में विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती व होने से ग्रामीणों को हल्द्वानी, रामनगर व काशीपुर आदि क्षेत्रों को रुख करना पड़ता है। अल्ट्रासाउंड सेवा न मिलने से गर्भवती महिलाएं प्रसव पीड़ा में पचास से अस्सी किमी की दूरी नापने को मजबूर हो जाती है। दूर दराज रुख करने में वाहनों के किराए आदि में चार से पांच हजार रुपये खर्च होता है।
रोजाना पहुंचते हैं पच्चीस से तीस मरीज
तमाम गांवों के मध्य में स्थित होने से रोजाना तमाम गांवों से मरीज उपचार को सीएचसी पहुंचते हैं। अस्पताल में रोजाना पच्चीस से तीस तक ओपीडी दर्ज होती है जबकि प्रतिमाह चार पांच डिलीवरी भी अस्पताल में होती है। चिकित्सा प्रभारी डा. राहुल टम्टा के अनुसार महीने में आठ दस लोगों को ही रेफर किया जाता है। प्रयास करते हैं की सभी को अस्पताल में ही समुचित सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सके।
समय समय पर उपलब्ध होता है बजट
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र से उच्चीकृत होकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बने सीएचसी को समय समय पर सरकारी बजट भी उपलब्ध होता है। बजट को आपातकालीन दवाईयां, इंजेक्शन तथा बिजली पानी समेत अन्य व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने में खर्च किया गया है।
बोले लोग
अस्पताल में एक भी विशेषज्ञ चिकित्सक के न होने से तमाम परेशानियां सामने आती है। हजारों की आबादी अस्पताल पर निर्भर है। स्वास्थ्य विभाग को स्त्री व बाल रोग विशेषज्ञ की तैनाती होनी चाहिए।
कुबेर सिंह जीना, नैनीपुल
लगातार मांग उठाई जा रही है बावजूद सुध नहीं ली जा रही। अल्ट्रासाउंड सेवा अतिआवश्यक है पर ध्यान नहीं दिया जा रहा। स्वास्थ्य विभाग क्षेत्र की उपेक्षा पर आमादा है। विभाग की अनदेखी का खामियाजा क्षेत्रवासियों को उठाना पड़ रहा है।
निक्षय जोशी, सुयालबाड़ी
अल्ट्रासाउंड के लिए प्रसव पीड़ा में गर्भवती महिलाएं हल्द्वानी, हल्द्वानी को रुख करने को मजबूर हैं। विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती व अन्य संसाधनों के लिए धरना दिया था। विधायक के आश्वासन पर धरना स्थगित किया है। मांगे नहीं मानी गई तो दोबारा आंदोलन शुरु होगा।
भारतेंदु पाठक, अध्यक्ष स भारतीय सेवा संघ।




