◾खेत रोखड़ में तब्दील, आवासीय घरों में घुसा मलबा
◾ कई गौशाला क्षतिग्रस्त, ग्रामीणों ने भागकर बचाई जान
◾सत्तर से ज्यादा परिवारों पर मंडराया खतरा
◾ सड़क, रास्ते ध्वस्त होने से गांव का संपर्क भी कटा
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))

बेतालघाट ब्लॉक से सटे कोटाबाग ब्लॉक के ओखलढुंगा गांव में देर रात से हुई मूसलाधार बारिश ने कहर बरपा दिया है। बरसाती नाले के उफान में आने से कई आवासीय मकानों को नुकसान पहुंचा है। खेत रोखड़ में तब्दील हो चुके हैं। कई गौशाला क्षतिग्रस्त हो चुकी है। करीब सत्तर से ज्यादा परिवारों पर खतरा मंडरा रहा है। बरसाती नाले के उफान में आने से गांव को जोड़ने वाले मोटर मार्ग बंद हो चुके हैं। क्षेत्र पंचायत सदस्य नंदन सिंह ने मामले की सूचना प्रशासन को दे दी है।
ओखलढुंगा गांव पर खतरा बढ़ने से गांव के बाशिंदे दहशत में हैं। मध्यरात्रि से शुरु हुई बारिश ने एकाएक तेज रुख अख्तियार कर लिया। रात करीब दो बजे के आसपास गांव के समीप बहने वाले डौन बरसाती नाले के उफान में आने व गांव की ओर रुख करने से हड़कंप मच गया। खेतों को रोखड़ में तब्दील करता हुआ नाले का पानी घरों तक पहुंच गया। कई आवासीय घरों में पानी घुसने के साथ ही कुछ पशुपालको की गौशाला भी क्षतिग्रस्त होने की सूचना है। ग्रामीणों के घरों में रखा राशन व अन्य सामान भी खराब हो गया है। आवासीय भवनों को भी नुकसान पहुंचा है जबकि खेतों में फसल बर्बाद हो चुकी है। बादल फटने जैसे हालात पैदा हो जाने से गांव में हड़कंप मच गया। क्षेत्र पंचायत सदस्य नंदन सिंह के अनुसार सत्तर से ज्यादा परिवारों पर लगातार खतरा बढ़ता जा रहा है। गांव को जोड़ने वाली सड़क व रास्ते ध्वस्त हो चुके हैं। जेसीबी मशीने तक गांव के समीप तक नहीं पहुंच पा रही है। लगातार बारिश से ग्रामीण दहशत में हैं। क्षेत्र पंचायत सदस्य व ग्रामीणों ने प्रशासन को सूचना दे सुरक्षा की गुहार लगाई है।

error: Content is protected !!