🔳 मौके पर मिले खदान के औजार किए जब्त
🔳 पत्थर तस्करी पर अंकुश को वन विभाग ने चलाया छापेमारी अभियान
🔳 ताड़ीखेत क्षेत्र से सटे थुआ के जंगल में किया जा रहा बेतरतीब खदान
🔳 श्रमिकों की मदद से सड़क तक पहुंचाने के बाद लगाया जा रहा ठिकाने
[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]]
बेतालघाट व रामगढ़ ब्लॉक की सीमा से सटे जंगलात क्षेत्र में खदान कर पत्थरों तस्करी की सूचना पर वन विभाग की टीम ने छापेमारी अभियान चलाया। छापेमारी की भनक लगते ही तस्कर मौके से फरार हो गए। मौके से मिले खदान के औजार वन विभाग की टीम ने जब्त कर लिए। वन विभाग की एकाएक छापेमारी से हड़कंप मचा रहा।
थुआ क्षेत्र में लंबे समय से पत्थर तस्करी का काला कारोबार चरम पर है। पहले गांव की सड़क के आसपास से खदान कर हरतोला समेत आसपास के क्षेत्रों में पत्थरों की तस्करी की जाती पर अब माफियाओं के निशाने पर जंगलात क्षेत्र आ गया है। नेपाली मूल के श्रमिकों की मदद से जंगल क्षेत्र में खदान कर चोरी का पत्थर मुख्य सड़क तक पहुंचाने के बाद रात दिन डंपरों के माध्यम से तस्करी कर सरकार को राजस्व की चपत लगाने के साथ ही जंगल क्षेत्र को भी नुकसान पहुंचाया जा रहा है। धड़ल्ले से हो रही तस्करी की सूचना पर वन क्षेत्राधिकारी विजय मेलकानी के निर्देश पर वन विभाग की चार सदस्यीय टीम ने ताड़ीखेत से सटे थुआ क्षेत्र में विशेष छापेमारी अभियान चलाया। वन विभाग की टीम को देख खदान में जुटे श्रमिक खदान के औजार छोड़ मौके से फरार हो गए। टीम ने खदान क्षेत्र का जायजा ले औजार जब्त कर लिए। आसपास श्रमिकों की तलाश भी की गई पर कोई हत्थे नहीं चढ़ा। वन क्षेत्राधिकारी विजय मेलकानी के अनुसार खदान के औजार जब्त कर लिए गए है। रिपोर्ट उपलब्ध होने के बाद तस्करी में लिप्त लोगों का पता लगाकर तस्करों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जंगल क्षेत्र को नुकसान पहुंचाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। छापेमारी टीम में वन दरोगा मनीषा भंडारी, नंदी पांडे, गोपाल नेगी आदि मौजूद रहे।




