🔳 यूसीसी पोर्टल पर विवाह पंजीकरण के बताए तौर तरीके
🔳 जीआइसी खैरना में स्वस्थ बेटी उज्जवल भविष्य विषय पर हुई कार्यशाला
🔳 छात्राओं को दी गई स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां
🔳 बाल विकास विभाग के तत्वावधान में हुए कार्यक्रम
[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]]
बाल विकास विभाग बेतालघाट के तत्वावधान में पंचायत भवन खैरना में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) विषय पर नुक्कड़ नाटक के जरिए क्षेत्रवासियों को जागरुक किया गया जबकि जीआइसी सभागार में बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ के तहत संवेदीकरण कार्यशाला में छात्राओं को कई अहम जानकारियां दी गई।
सोमवार को जीआइसी खैरना के सभागार में हुई कार्यशाला का शुभारंभ बाल विकास अधिकारी अनीता सक्सेना व सीएचसी की चिकित्सक डा. अभिलाषा ने संयुक्त रुप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। सीडीपीओ ने छात्राओं से कार्यशाला का लाभ उठाने का आह्वान किया। डा. अभिलाषा ने स्वस्थ बेटी उज्जवल भविष्य विषय पर एनिमिया, मासिक धर्म तथा गर्भाशय कैंसर के बारे में विस्तार से जानकारी साझा की। कहा की स्वस्थ शरीर ही सफलता की पहली सीढ़ी है। बताया की लगातार बदलते सामाजिक ताने बाने के बीच स्वस्थ रहना आवश्यक है। विभिन्न बिमारियों की जानकारी दे बचाव के तौर तरीके बताए। पंचायत भवन खैरना में हुए कार्यक्रम में नुक्कड़ नाटक के जरीए समान नागरिक संहिता पर क्षेत्रवासियों को जागरुक किया गया। यूसीसी पोर्टल पर अनिवार्य रुप से विवाह पंजीकरण कराने, आवेदन के लिए आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी भी दी गई। सीडीपीओ अनिता सक्सेना ने क्षेत्रवासियों से समान नागरिक संहिता कानून का जोर-शोर से प्रचार प्रसार का आह्वान किया। बाल विवाह पर कई महत्वपूर्ण जानकारियां दे बाल विवाह रोकने की शपथ भी दिलाई गई। इस दौरान सुपरवाइजर चंपा नेगी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता कमला गोस्वामी, कुंती देवी, प्रियंका, लता, तारा देवी, चंद्रा जोशी, हेमा, रेखा बेलवाल, कविता समेत कई लोग मौजूद रहे।




