🔳 तहसील मुख्यालय में नारेबाजी कर किया आरपार का ऐलान कर
🔳 सरकार पर लगाया गांवों को नशे के जंजाल में धकेलने का आरोप
🔳 मनमानी पर तहसील मुख्यालय में भूख हड़ताल का ऐलान
🔳 रातीघाट क्षेत्र में शराब की दुकान की प्रक्रिया से आक्रोशित हुए गांवों के लोग
[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]

अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर स्थित रातीघाट क्षेत्र में स्वीकृत शराब की दुकान के विरोध में मातृशक्ति व पंचायत प्रतिनिधियों का पारा सातवें आसमान पर पहुंच गया है। महिलाओं व पंचायत प्रतिनिधियों ने श्री कैंची धाम तहसील परिसर में नारेबाजी कर शराब की दुकान पर रोक लगाने की मांग उठाई है। राज्य सरकार पर गांवों के लोगों को नशे के जाल में फंसाकर बर्बाद करने का आरोप लगाया। कहा की क्षेत्र को अस्पतालों में डाक्टर व स्कूलों में शिक्षकों समेत मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के बजाय सरकार शराब की दुकान खुलवा रही है। जिसे कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
शुक्रवार को रातीघाट, पाडली, जाख, घूना, खैरना, बुधलाकोट, हली , हरतपा गांव से पंचायत प्रतिनिधि व महिलाएं श्री कैंची धाम तहसील आ धमकी। तहसील परिसर में हुई सभा में वक्ताओं ने रातीघाट क्षेत्र में अंग्रेजी शराब की दुकान की स्वीकृति पर गहरा रोष जताया। आरोप लगाया कि शराब की दुकान खुलवाकर शांत गांवों को अशांत करने की तैयारी की जा रही है। तमाम गांवों के लोग रातीघाट क्षेत्र से जुड़े हुए हैं। आसपास तमाम विद्यालय भी मौजूद है ऐसे में शराब की दुकान खुलने से माहौल खराब होगा। आरोप लगाया की शराब की दुकान से बच्चों को भी नशे की ओर धकेलने की रणनीति रची जा रही है जिसे कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पंचायत प्रतिनिधियों व महिलाओं ने एक स्वर में शराब की दुकान तत्काल निरस्त किए जाने की मांग उठाई। दो टूक कहा कि यदि मनमानी कर शराब की दुकान खुलवाई गई तो तहसील परिसर में ही भूख हड़ताल शुरु कर दी जाएगी। महिलाओं व पंचायत प्रतिनिधियों ने उपजिलाधिकारी मोनिका को हस्ताक्षरयुक्त ज्ञापन सौंपकर शराब की दुकान को की जा रही प्रकिया पर रोक लगाने की मांग उठाई। इस दौरान ब्लॉक प्रमुख अंकित साह, ग्राम प्रधान संगठन अध्यक्ष जेडी कत्यूरा, ग्राम प्रधान बुधलाकोट दिनेश बुधलाकोटी, प्रधान घूना जया किशोर, बीडीसी रातीघाट देवेंद्र भंडारी, बीडीसी बारगल हरीश चंद्र, प्रधान प्रतिनिधि बालम पिनारी, अनिल, नीरज, महिला ग्राम समूह संगठन अध्यक्ष हेमा देवी, नीमा भट्ट, योगिता सनवाल, सावित्री देवी, आशा देवी, चंपा देवी, प्रेमा भंडारी, बसंती देवी, अर्चना भंडारी, रितिका जोशी, नीमा, तुलसी, पुष्पा, राधिका, मनीषा, दयाकिशन पांडे, किसन सती, दयाकिशन, संतोष पांडेय, जगदीश, भूपाल, चंद्र बल्लभ समेत तमाम लोग मौजूद रहे।