◾जगह जगह गड्डे दे रहे दुर्घटना को दावत
◾ सुरक्षा को लगे क्रश बैरियर झाड़ियों में फांक रहे धूल
◾ वाहनों की आवाजाही बढने से दुर्घटना का अंदेशा
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))

कुमाऊं की महत्वपूर्ण लाइफ लाइन अल्मोड़ा हल्द्वानी हाइवे के रूट डायवर्ट किए जाने से वाहन क्वारब – रामगढ़ मोटर मार्ग की ओर रुख कर रहे हैं पर वैकल्पिक मोटर मार्ग पर भी जगह जगह खतरा मुंह उठाए खड़ा है। सुरक्षित यातायात को लगाए गए क्रश बैरियर झाड़ियों में धूल फांक रहे हैं। पंचायत प्रतिनिधियों व व्यापारियों ने मार्ग को दुरुस्त किए जाने की मांग उठाई है।
सुप्रसिद्ध कैंची धाम में श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ से अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर क्वारब पुल से रुट डायवर्ट कर दिया जा रहा है। वाहन क्वारब – रामगढ़ मोटर मार्ग से हल्द्वानी – भवाली को रुख कर रहे हैं पर मोटर मार्ग जगह जगह खस्ताहाल में है। कदम कदम पर गड्डे व खतरे वाले स्थानों पर सुरक्षित यातायात को लगे क्रश बैरियर खाई की ओर पलटे है ऐसे में दुर्घटना का खतरा बढ़ता ही जा रहा है। मोटर मार्ग पर प्यूडा़, सिनौली, रामगढ़, लोशज्ञानी आदि तमाम क्षेत्रों में मोटर मार्ग बदहाली का दंश झेल रहा है। छोटे – बडे़ वाहनों की आवाजाही बढ़ने व वाहनों का दबाव बढ़ने से जगह जगह खस्ताहाल में पहुंच चुके मोटर मार्ग पर दुर्घटना का अंदेशा बढ़ते ही जा रहा है। पंचायत प्रतिनिधियों व व्यापारियों ने क्वारब – रामगढ़ मोटर मार्ग को दुरुस्त किए जाने की मांग उठाई है। ग्राम प्रधान संगठन के प्रदेश सचिव शेखर दानी, पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य दलीप सिंह नेगी, व्यापार मंडल के वीरेंद्र सिंह बिष्ट, सुनील मेहरा, फिरोज अहमद, मनीष तिवारी, कुलदीप सिंह खनायत, रमेश सिंह खनायत, कुबेर सिंह जीना आदि ने महत्वपूर्ण मार्ग की सुध लिए जाने की मांग की है।