🔳 तय समय पर समस्याओं के समाधान के दिए निर्देश
🔳 कोताही कतई बर्दाश्त न करने की चेतावनी
🔳घंघरेठी जमीनी विवाद पर भी अपनाया सख्त रुख
🔳 बैंक प्रतिनिधि को चेताया – व्यवहार सुधार लो नहीं तो करा देंगे शीर्षासन
🔳 शिविर में छाया रहा बिजली, पानी, सड़क, स्वास्थ्य, सिंचाई के मुद्दे
[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]
जन जन की सरकार जन जन के द्वार कार्यक्रम के तहत बेतालघाट ब्लॉक के ऊंचाकोट गांव में स्थित जीआइसी में लगे बहुउद्देशीय शिविर में जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने जनसमस्याएं सुनी। विभागीय अधिकारियों को समस्याओं के प्राथमिकता से समाधान के निर्देश दिए। कोताही कतई बर्दाश्त न करने की चेतावनी दी। शिविर में 270 से अधिक समस्याएं पंजीकृत हुई। विभिन्न विभागों ने स्टाॅल लगाकर विभागीय योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों को दी।
मंगलवार को ऊंचाकोट में लगे शिविर में जनसमस्याओं का अंबार लगा रहा। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने एक एक कर फरियादियों को सुना। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष व पूर्व ग्राम प्रधान शेखर दानी ने क्षेत्र की छोटी बड़ी सिंचाई नहरों में पानी की आपूर्ति कराने, सीएचसी बेतालघाट में अल्ट्रासाउंड सेवा, जन्म मृत्यु प्रमाण पत्र व पंजीकरण में आ रही समस्याओं, जंगली जानवरों से खेतीबाड़ी बचाने को ठोस उपाय करवाए जाने की मांग उठाई। तल्ला गांव की आशा देवी, गीता बोहरा, दीपा देवी, संगीता, राधिका, पुष्पा ने जेजेएम योजना से पानी उपलब्ध न होने की समस्या गिनाई। व्यापार मंडल अध्यक्ष बेतालघाट तारा भंडारी ने बाजार में पार्किंग व शौचालय निर्माण की मांग उठाई। दयाल दरमाल ने शिक्षकों के विद्यालयों से आठ किमी के दायरे में रहने के नियम के बावजूद शिक्षक शिक्षिकाओं के हल्द्वानी, रामनगर, भवाली, भीमताल से विद्यालयों में पहुंचने का मामला उठाया साथ ही रतोडा पुल व सिंचाई नहर की सुरक्षा को बाढ़ सुरक्षा कार्यों पर जोर दिया। तल्ली सेठी प्रधान प्रताप कुमार ने कोसी नदी पर झूला पुल निर्माण समेत कई समस्याओं के समाधान की मांग उठाई। जिलाधिकारी ने विभागीय अधिकारियों को समस्याओं के समाधान के निर्देश दिए। भाजपा किसान मोर्चा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य दिलीप सिंह बोहरा ने सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। इस दौरान दर्जा राज्यमंत्री शांति मेहरा, ब्लॉक प्रमुख अंकित साह, एसडीएम मोनिका, एपीडी चंद्रा फर्त्याल, बीडीओ पंकज जोशी, प्रताप बोहरा, ग्राम प्रधान शीला बधानी, किरन, नीमा देवी, समेत तमाम गांवों से पहुंचे सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे।
ग्रामीणों को किया गया योजनाओं से लाभान्वित
शिविर में ग्रामीणों को जन कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दे लगभग 430 लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित किया गया। पंचायतीराज विभाग ने 22 लोगों को परिवार रजिस्टर की नकल, 02 जन्म-मृत्यु, 08 राशन कार्ड से संबंधित समस्या का निस्तारण किया गया। समाज कल्याण विभाग दने 10 पात्र लाभार्थियों के पेंशन संबंधित आवेदन भरे होम्योपैथिक चिकित्सा विभाग ने 56 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर दवा दी गई। पशुपालन विभाग ने 26 पशुपालकों को पशुओं की निशुल्क दवा दी गई। कृषि विभाग ने दस, उद्यान विभाग ने पांच लाभार्थियों को सेवाएं प्रदान की गई। स्वास्थ्य विभाग ने 55 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर निशुल्क दवा दी। आयुर्वेदिक विभाग ने 82 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर निशुल्क दवा दी।
खनन श्रमिकों के लिए उचित व्यवस्था के निर्देश
शिविर में खनन पट्टो पर कार्य करने वाले श्रमिको के लिए शौचालय व उचित प्रबंधन व्यवस्था न होने की शिकायत पर जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारी मोनिका को सभी खनन पट्टा क्षेत्रों में बायोटॉयलेट, स्मार्ट टॉयलेट तथा उनमें पानी की सुचारु व्यवस्था के साथ ही श्रमिकों के आवास व्यवस्था, उनके बच्चों हेतु उचित शिक्षा का प्रबंधन, स्वास्थ्य प्रबंधन सहित मूलभूत सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। नियमों के उल्लघंन पर खनन पट्टे निरस्त करने की कार्रवाई के निर्देश दिए।
खेतीबाड़ी बचाने को तारबाड़ व सोलर फेंसिंग के प्रस्ताव बनाने के निर्देश
क्षेत्र में अधिकांश गांवो में गुलदार के आतंक की शिकायत पर जिलाधिकारी ने वन विभाग को लगातार गश्त करने, गुलदार संभावित स्थानों पर पिंजरा लगाए जाने के निर्देश देने के साथ ही ग्रामीणों को जन जागरुक करने व ट्रैप कैमरे लगाए जाने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने क्षेत्र में झाड़ी कटान की कार्य योजना तैयार करने, वन्य जीव संघर्ष में प्रभावितों को मुआवजा दिलाने व जंगली जानवरों से फसलों को हो रहे नुकसान के संबंध में जिलाधिकारी ने कृषि विभाग को निर्देश दिए कि क्षेत्र में जिन गांवों में बसावट ज्यादा है और खेती का काम लोग आधिकाधिक कर रहे हैं उन गांव में खेती को जंगली जानवरों से बचाने हेतु तारबाड़ के प्रस्ताव तैयार कर प्राथमिकता से उपलब्ध कराएं साथ ही उन्होंने वन विभाग को भी सोलर फेंसिंग के प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए।
घंघरेठी जमीनी विवाद पर डीएम सख्त
जिला पंचायत सदस्य तरुण शर्मा के घंघरेठी गांव में चालीस नाली भूमि क्रय करने के बाद उससे दुगुनी भूमि में अवैध कब्जा करने व भूमि गलत तरीके से क्रय किए जाने की शिकायत पर डीएम ने तत्काल उपजिला अधिकारी को क्रेता, विक्रेता व संबंधित आपत्तिकर्ताओं को बुलाकर जांच कर सुनवाई करते हुए प्रकरण के निस्तारण के निर्देश दिए। कहा की गलत कार्य करने वालों के खिलाफ भू राजस्व कानून के तहत कड़ी कार्यवाही के निर्देश दिए।
व्यवहार सुधार लो नहीं तो करा देंगे शीर्षासन
बैंक ऑफ बड़ौदा शाखा बेतालघाट में बैंक कर्मियों का ग्राहकों के साथ गैरजिम्मेदाराना व्यवहार का मामला भी शिविर में जोर-शोर से उठा। पंचायत प्रतिनिधियों के साथ ही महिलाओं ने भी बैंक कर्मियों के व्यवहार पर नाराजगी जताई। पासबुक एंट्री में तक में बैंक कर्मियों के टालमटोल करने का आरोप लगाया। डीएम ललित मोहन रयाल ने शिविर में मौजूद बैंक प्रतिनिधि की जमकर क्लास लगाई। हालातों में सुधार के निर्देश दिए। दो टूक कहा की व्यवहार नहीं सुधरा तो शीर्षासन करा देंगे।




