🔳ओलों ने खेतों में पौधों को कर डाला तहस नहस
🔳खेतों की हालत देख मायूस हो चुके हैं धरतीपुत्र
🔳पंचायत प्रतिनिधियों ने उठाई क्षति का आंकलन कर मुआवजे की मांग
🔳बेतालघाट ब्लॉक के कई गांवों में होती है मटर की बंपर पैदावार
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
लंबे समय से बारिश का इंतजार कर रहे किसानों के सपने ओलावृष्टि ने तबाह कर डाले हैं। बेतालघाट ब्लॉक के तमाम गांवों में मटर की उपज बर्बाद होने से कास्तकार निराश हो चुके हैं। पंचायत प्रतिनिधियों के अनुसार भारी ओलावृष्टि से लगभग बीस लाख रुपये से भी अधिक की मटर बर्बाद है चुकी है। ग्राम प्रधान त्रिलोक सिंह ने एसडीएम को ज्ञापन भेज गांवों में क्षति का सर्वे कर किसानों को उचित मुआवजा दिए जाने की मांग उठाई है।
बीते रविवार को भारी ओलावृष्टि से कोसी घाटी के किसानों को भारी नुकसान पहुंचा है। ब्लॉक के सब्जी उत्पादक पांगकटारा, सिमराड़, खलाड़, बजेडी़, धूरा, लोहाली, धारी , उल्गौर, कफूल्टा, बारगल समेत तमाम गांवों में मटर की बंपर पैदावार होती है। किसानों ने बाजार से महंगी कीमत पर बीज खरीद बुआई की। समय पर बारिश न होने के बावजूद दूर दराज से पानी ढोकर दिन रात हाड़तोड़ मेहनत कर खेतों की सींचा। कड़ी मेहनत के बाद अब बेहतर उत्पादन की उम्मीद लगाई जा रही थी की बीते रोज भारी ओलावृष्टि ने किसानों के सपने चकनाचूर कर डाले । खेतों में बिछी ओलों की सफेद चादर से उपज पूर्णतः चौपट हो गई। प्रकृति की मार से बेबस हो चुके किसान नुकसान होने से मायूस हो चुके हैं। सोमवार को किसान जब खेतों में पहुंचे तो मटर के पौधों की हालत देख निराश हो गए। कास्तकार हीरा सिंह, भुवन सिंह, पंकज नेगी के अनुसार ओलावृष्टि से उपज बर्बाद हो चुकी है। ग्राम प्रधान पांगकटारा त्रिलोक सिंह, प्रधान प्रतिनिधि भूपेंद्र सिंह के अनुसार गांवों में लगभग बीस लाख रुपये से भी अधिक की मटर की उपज चौपट हो चुकी है। नुकसान से गांवों के किसान परेशान हैं। पंचायत प्रतिनिधियों ने एसडीएम कोश्या कुटोली को ज्ञापन भेजकर गांवों में बर्बाद हुई उपज का सर्वे करा कास्तकारों को उचित मुआवजा दिए जाने की मांग उठाई है।




