🔳स्कूली नौनिहालों की जिंदगी पर मंडरा रहा खतरा
🔳भुजान बाजार बना जाम का गढ़, रोजाना लगता है जाम
🔳क्षेत्रवासियों ने उठाई व्यवस्था में सुधार की मांग
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
समीपवर्ती भुजान बाजार क्षेत्र में आए दिन जाम लगने से स्टेट हाइवे पर आवाजाही करने वाले यात्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। स्कूली नौनिहालों पर भी दुर्घटना का खतरा बढ़ता ही जा रहा है। बावजूद यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने को ठोस उपाय नहीं किए जा रहे। क्षेत्रवासियों ने बाजार क्षेत्र में व्यवस्था दुरुस्त किए जाने की मांग उठाई है।
भुजान मुख्य बाजार क्षेत्र में जाम एक बड़ी समस्या बन चुका है। बाजार से तमाम गांवों को टैक्सी वाहनों से गांव के बाशिंदे आवाजाही करते हैं। वहीं स्टेट हाईवे होने से बड़े वाहनों का भी काफी दबाव रहता है। कुछ वाहन चालक वाहनों को ग़लत दिशा में खड़ा कर देते हैं जिससे दिनभर में कई बार यातायात व्यवस्था चरमरा जाती है। लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है जबकि आसपास के गांवों से भी नौनिहाल बाजार होते हुए ही जीआइसी भुजान पहुंचते हैं। जाम की स्थिति बने रहने से नौनिहालों की जिंदगी पर भी खतरा बना रहता है। जाम लगने से बाजार क्षेत्र में कई बार वाहनों की कतार लग जाती है। व्यापारी नेता गजेंद्र सिंह नेगी, दीपक जोशी, दयाल सिंह, आंनद सिंह आदि ने बाजार क्षेत्र में यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने को ठोस उपाय किए जाने की पुरजोर मांग उठाई है।




