🔳श्रम विभाग के तत्वाधान में हुए कार्यक्रम में न बुलाए जाने पर जताई नाराजगी
🔳पंचायतों की उपेक्षा किए जाने का लगाया आरोप
🔳श्रम प्रवर्तन अधिकारी ने सरकार के आदेश पर शिविर लगाने का दिया हवाला
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
भवन सनिर्माण कर्मकार योजना के तहत श्रम विभाग के तत्वाधान में लगे शिविर की सूचना न दिए जाने पर पंचायत प्रतिनिधियों ने गहरी नाराजगी जताई है। पंचायत प्रतिनिधियों की उपेक्षा किए जाने का आरोप भी लगाया है। ग्राम प्रधान संगठन के प्रदेश सचिव ने इसे पंचायतों का अस्तित्व समाप्त करने की साज़िश करार दिया। श्रम प्रवर्तन अधिकारी पूनम कांडपाल के अनुसार सरकार के निर्देश पर शिविर लगाए जा रहे हैं।
गुरुवार को मिनी स्टेडियम बेतालघाट में श्रम विभाग के तत्वावधान में विशेष शिविर लगाया गया पर शिविर की सूचना न दिए जाने पर पंचायत प्रतिनिधियों का पारा चढ़ गया। विभिन्न गांवों के ग्राम प्रधानों ने एक दूसरे से संपर्क साध शिविर की जानकारी जुटाई पर कई पंचायत प्रतिनिधियों ने शिविर की कोई भी जानकारी न होने का हवाला दिया। ग्राम प्रधान संगठन के प्रदेश सचिव व ग्राम प्रधान मल्ली पाली शेखर दानी ने इसे पंचायत प्रतिनिधियों की उपेक्षा करार दे गहरी नाराजगी जताई। शेखर दानी के अनुसार श्रमिक सीधे तौर पर पंचायतों से जुड़े है। ग्राम प्रधानों को ही श्रमिकों से जुड़ी सभी जानकारियां उपलब्ध होती है पर शिविर में पंचायत प्रतिनिधियों को ही न बुलाकर गांवों मैं मतभेद बढाया जा रहा है। ग्राम प्रधान घंघरेठी कुंदन सिंह नेगी, प्रधान तौराड़ जगदीश पंत, प्रधान पटोडी कैलाश पंत, प्रधान घिरोली हरीश कुमार, शेखर फुलारा ने भी शिविर के संबंध में जानकारी न दिए जाने पर रोष जताया। साफ़ कहा की ग्राम प्रधानो की अनदेखी कर पंचायतों को खत्म करने का ताना-बाना बुना जा रहा है। आरोप लगाया की शिविर के बाद अधिकारी मिनी स्टेडियम में कूड़ा कचरा छोड़ चलते बने। बाद में स्टेडियम पहुंचे खिलाड़ियों को सफाई करने को मजबूर होना पड़ा। इधर श्रम प्रवर्तन अधिकारी नैनीताल पूनम कांडपाल ने साफ कहा की सरकार से विधायकों से संपर्क साध शिविर लगाने के निर्देश मिले हैं। लगातार शिविर लगाए जा रहे हैं।




