🔳अतिसंवेदनशील दोपांखी क्षेत्र में शुरु होगा हाइवे चौड़ीकरण का रुका कार्य
🔳सुरक्षा के मद्देनजर एनएच प्रशासन ने लिया निर्णय
🔳व्यवस्था दुरुस्त रखने को पुलिस फोर्स की तैनाती को एसडीएम को लिखा पत्र
🔳एक महीने तक युद्धस्तर पर चलेगा कार्य, टलेगा खतरा, खत्म होगी जाम की समस्या
🔳 कल सुबह आठ बजे से शुरु होगा कार्य
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
अल्मोड़ा हल्द्वानी हाइवे पर अतिसंवेदनशील दो पांखी क्षेत्र में चौड़ीकरण कार्य को एनएच प्रशासन ने कमर कस ली है। उपजिलाधिकारी को पत्र भेज चौड़ीकरण कार्य के दौरान सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस फोर्स उपलब्ध कराने तथा रुट डायवर्ट करवाने के लिए विभागीय अधिकारियों को दिशा निर्देश देने को कहा है। उपजिलाधिकारी कोश्या कुटोली विपिन चंद्र पंत के अनुसार चौड़ीकरण कार्य वक्त सुरक्षा संबंधी मानकों का पालन कर कार्य करने के निर्देश दिए जाएंगे। लापरवाही कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
चार वर्ष पूर्व आपदा ने अल्मोड़ा हल्द्वानी हाइवे को भारी नुकसान पहुंचा। दो पांखी क्षेत्र में भूस्खलन ने हाइवे को तहस नहर कर डाला। बामुश्किल एनएच विभाग ने वन वे आवाजाही शुरु करवाई। वन वे आवाजाही से खतरा बढ़ने तथा जाम की स्थिति पैदा होने से पहाड़ी काट चौड़ीकरण की रणनीति तैयार की। कुछ माह पूर्व पहाड़ी काट चौड़ीकरण कार्य भी शुरु हुआ पर अनुमति की समयावधि समाप्त होने से कार्य रुक गया। अब दोबारा कार्य शुरु करने को एनएच प्रशासन ने एसडीएम कोश्या कुटोली को पत्र भेजा है। मई में एक महीने के लिए हाइवे को अलग अलग समय पर बंद करने की अनुमति के साथ ही सुरक्षा के मद्देनजर समुचित पुलिस कर्मियों की तैनाती को भी कहा है। सहायक अभियंता रमेश चंद्र पांडे के अनुसार एक मई से 31 मई तक हाइवे को सुबह आठ से दस, दोपहर बारह से दो तथा शाम को चार से छह बजे तक बंद रखने की रणनीति तैयार कर ली गई है। रोजाना दस से बारह तथा दोपहर दो से चार बजे तक आवाजाही सुचारु रखी जाएगी। बंद के दौरान वाहन वाया क्वारब – रामगढ़ होते हुए आवाजाही कर सकेंगे। सहायक अभियंता के अनुसार चौड़ीकरण कार्य की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है। उपजिलाधिकारी कोश्या कुटोली विपिन चंद्र पंत के अनुसार सुरक्षा मानकों को ध्यान में रख चौड़ीकरण कार्य करने के निर्देश दिए जाएंगे। लगातार बढ़ रहे खतरे को टालने व जाम की समस्या को खत्म करने के लिए दोपांखी क्षेत्र में चौड़ीकरण कार्य जरुरी है। नियमों के पालन के साथ ही कार्य करवाया जाएगा।




